Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

पति की दूसरी शादी से आहत पत्नी का ससुराल की चौखट पर धरना

पति की दूसरी शादी से आहत पत्नी का ससुराल की चौखट पर धरना
X
जौनपुर - पति ने दूसरी शादी की तो पहली पत्नी रविवार को उसकी चौखट पर धरना देने बैठ गई। उसकी यही जिद है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा यहां से नहीं हटेगी, चाहे उसकी जान चली जाए। दरअसल 13 वर्ष पूर्व उसका विवाह मईडीह गांव में हुआ था। ससुरालियों ने दहेज के लिए प्रताडि़त किया तो न्यायालय का सहारा लिया। कुछ दिनों पूर्व पति ने दूसरी शादी कर ली। पता चलते ही पीडि़ता ससुराल की चौखट पर आकर बैठ गई है। पीडि़ता का कहना है कि यह आर-पार की लड़ाई है। अब मैं जीते जी यहां से वापस नहीं जाऊंगी, मुझे इंसाफ चाहिए।
मामला न्यायालय में विचाराधीन
सुंगुलपुर गुतवन निवासी अमरनाथ पटेल ने अपनी बेटी प्रेमा देवी का विवाह मईडीह निवासी नंदलाल पटेल के बेटे सारजन पटेल से 2 मई 2005 में किया था। शादी के बाद प्रेमा विदा होकर ससुराल आई तो कुछ ही दिन हंसी-खुशी बीत सके। आरोप है कि धीरे-धीरे पति व सास-ससुर उस पर दहेज लाने का दबाव बनाने लगे। आए दिन उसको मारने-पीटने भी लगे। ससुराल वालों का जुल्म वो सात साल से बर्दाश्त कर रही थी। दहेज की मांग पूरी न होती देख 2012 में परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया। मजबूरन वह मायके वापस आ गई। सुलह-समझौते के लिए दोनों पक्ष के लोगों ने बैठ कर पंचायत की जिसमें पति उसे वापस ले जाने पर राजी हो गया। इसके बाद 6 महीना बीत गया लेकिन सारजन उसे लेने नहीं आया। मजबूरन प्रेमा को न्यायालय का सहारा लेना पड़ा। तब से मामला न्यायालय में लंबित है।
पुलिस पहुंची तो बातचीत चली
इसी बीच 12 नवंबर 2017 को सारजन ने क्षेत्र के ही एक युवती से दूसरी शादी कर ली। जानकारी प्रेमा को हुई तो रविवार को अपने ससुराल पहुंच गई। इस बार भी ससुरालियों ने उसे मारपीट कर घर के बाहर कर दिया। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी और वहीं चौखट पर धरना देने लगी। कुछ ही देर बाद पुलिस पहुंची तो दोनों पक्षों से बातचीत कर वापस चली आई। प्रेमा घने कोहरे व गलन के बावजूद खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठी हुई है। गांव वाले भी उसके पक्ष में है परंतु उसके ससुराल वालों के भय से कुछ बोलने से कतरा रहे हैं।
Next Story
Share it