प्रदेश सरकार ने घोषणा पत्र के किसी वादे को नहीं किया पूरा : अखिलेश
BY Anonymous27 Jan 2018 2:48 AM GMT

X
Anonymous27 Jan 2018 2:48 AM GMT
पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आजादी त्याग, बलिदान और लाखों देशवासियों की कुर्बानियों के बाद हासिल हो सकी है। देश की आजादी से समाजवादियों का गहरा नाता रहा है। डा.लोहिया के समाजवादी आंदोलन से जुड़कर समाजवादी लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम और आजादी के बाद दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, छात्रों-नौजवानों को अधिकार दिलाने का काम किया। जिससे संविधान के अनुसार देश का हर व्यक्ति गरिमा और सम्मान से जीवन व्यतीत कर सके।
श्री यादव शुक्रवार को यहां गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदेश समाजवादी पार्टी के मुख्यालय पर आयोजित झंडारोहण कार्यक्रम में शिरकत कर रहे थे। मुख्यालय पर झंडारोहण करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान ने सबको सम्मान से जीने का अधिकार दिया है। आज का दिन देश की आजादी दिलाने वाले अनगिनत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करने का है। पिछले 70 सालों की विकास यात्रा में दुनिया से भारत की तुलना करने में हम आज भी पीछे हैं। किसानों को खुशहाल बनाने और बेरोजगारी दूर करने की दिशा में संतोषजनक काम नहीं हुआ है। जहां एक ओर अमीर लोगों के हाथों में संसाधन की अधिकता होती जा रही है, वहीं दूसरी ओर गरीबों का जीवन बदतर होता जा रहा है। अमीर-गरीब के बीच खाई लगातार बढ़ती जा रही है। किसान आत्महत्या करने पर मजबूर है। लाल किले से किया गया वादा सिर्फ वादा बनकर रह गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार में अवस्थापना विकास के सबसे अधिक कार्य हुए हैं। समाजवादियों ने जाति और धर्म के आधार पर कभी काम नहीं किया। समाजवादी सरकार ने विकास के हर क्षेत्र में एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि सरकारें अपने कार्यों से उदाहरण प्रस्तुत कर सकती हैं। समाजवादी सरकार द्वारा आगरा एक्सप्रेस-वे का निर्माण विश्वस्तरीय सड़कों की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। जबकि देश और प्रदेश की भाजपा सरकार ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करने में विफल रही है। उत्तर प्रदेश सरकार ने तो घोषणा पत्र के किसी वादे को पूरा नहीं किया। यह केवल जनता के मुद्दों पर से ध्यान हटाना जानती है। सत्ता में बैठे लोग रंग और जाति के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। ये लोग जहर भरने का काम कर रहे हैं। लोकतंत्र खतरे में है। ये इतिहास बदलने का भी काम कर रहे हैं। आज के दिन हमें संकल्प लेना चाहिए कि लोहिया और नेता जी के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए समाजवाद को मजबूत करें।
सपा प्रदेश कार्यालय पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का अखिलेश यादव ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
Next Story