Home > राज्य > उत्तर प्रदेश > फर्रुखाबाद में दो घरों में डकैती, लाखों का सामान लूटा व दंपती की हत्या
फर्रुखाबाद में दो घरों में डकैती, लाखों का सामान लूटा व दंपती की हत्या
BY Anonymous26 Jan 2018 7:34 AM GMT

X
Anonymous26 Jan 2018 7:34 AM GMT
फर्रुखाबाद - आधा दर्जन डकैतों ने आज तड़के फर्रुखाबाद के कायमगंज में जमकर उत्पात मचाया। इन लोगों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों की डकैती की। इस दौरान विरोध करने पर डकैतों ने दंपती की हत्या कर दी। पुलिस मौके पर पड़ताल में लगी है।
फर्रुखाबाद के कायमगंज में दो घरों में तड़के डकैतों ने अपना कहर ढाया। इस दौरान लाखों का सामान लूटने के साथ डकैतों ने विरोध करने पर दंपती को गोली मारकर हत्या कर दी।
कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कुबेरपुर में आज तड़के करीब चार बजे बदमाशों ने दो घरों में डकैती की। पूर्व पालिका कर्मी राशिद खां व उनकी पत्नी बदरुलनिशां ने लूटपाट का विरोध किया तो दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी और माल जेवर व नकदी लूट ले गए।
आधा दर्जन सशस्त्र बदमाश पहले नसीम के घर में दीवार फांदकर घुसे। वहां पर परिवार के लोगों को बंधक बनाकर सेफ का ताला तोड़कर लूटपाट की। बाद में उनके पुत्र फईम को पकड़कर साथ ले गए। इसके बाद बदमाश राशिद खां का दरवाजा तोड़कर घर मे घुसे।
वहां राशिद खां व उनकी पत्नी बदरुन्निशा ने लूटपाट का विरोध किया तो दोनों को गोली मार दी। इससे उनकी मौत हो गई। बदमाश सेफ तोड़कर माल जेवर ले गए। उसके बाद बदमाश कुछ दूर बाग में जाकर फईम को छोड़ दिया।
फायर की आवाज सुनकर राशिद के भाई अफ्फान उनके घर पहुंचे तो दोनों को मृत पाया। सूचना पर एस पी मृगेंद्र सिंह व ए एस पी त्रिभुवन सिंह भारी फोर्स के साथ पहुंचे। डॉग स्कॉयड व फिंगर एक्सपर्ट टीम ने जांच पड़ताल की। डकैती की इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बताया गया राशिद पुराने सिक्के, सिक्के, गिन्नी तथा मोहरों के शौकीन थे।
Next Story