Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

भाजपा पदाधिकारियों के नाम तय, फरवरी के पहले हफ्ते में घोषणा

भाजपा पदाधिकारियों के नाम तय, फरवरी के पहले हफ्ते में घोषणा
X
लखनऊ - करीब दस माह से चल रहा भाजपा के पुनर्गठन का इंतजार खत्म होने वाला है। संगठन के पदाधिकारियों के केंद्र और राज्य सरकार में मंत्री बनने के बाद रिक्त हुए पदों पर प्रोन्नति और समायोजन होना है। इसकी सूची को अंतिम रूप मिल गया है। माना जा रहा है कि आठ फरवरी से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के पहले ही पदाधिकारियों की घोषणा कर दी जाएगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय संगठन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए संगठन महामंत्री सुनील बंसल से विमर्श कर चुके हैं। संगठन के समायोजन को लेकर बंसल पहले से ही होमवर्क कर चुके हैं और अब इसे अमलीजामा पहनाना है। वाराणसी में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को भी होने वाले बदलाव से अवगत कराया जा चुका है। मंगलवार की रात्रि मुख्यमंत्री आवास पर मंत्रियों की बैठक के बाद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और सुनील बंसल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस बाबत चर्चा की। खासकर रिक्त पदों पर प्रोन्नत करने और नई जिम्मेदारी देने के संदर्भ में चर्चा हुई। लगभग सभी नाम तय हो चुके हैं। भाजपा नेतृत्व ने फरवरी के पहले हफ्ते तक संगठन की प्रक्रिया पूरी करने की बात कही है।
पांच उपाध्यक्ष और दो महामंत्री समेत कई पदों पर होगी नियुक्ति
भाजपा प्रदेश संगठन में उपाध्यक्ष के 14 पद हैं। इनमें शिवप्रताप शुक्ल और डॉ. सत्यपाल सिंह केंद्र सरकार में मंत्री बन गये हैं जबकि धर्मपाल सिंह, आशुतोष टंडन उर्फ गोपाल जी और सुरेश राणा प्रदेश सरकार में मंत्री हैं। बाकी राजवीर सिंह राजू, जेपीएस राठौर, अश्विनी त्यागी, बाबूराम निषाद, राकेश त्रिवेदी, रामनरेश रावत, कांता कर्दम, जसवंत सैनी और श्रीप्रकाश शर्मा पद पर बने हैं। माना जा रहा है कि बचे उपाध्यक्षों में भी कुछ का कहीं महत्वपूर्ण जगह समायोजन हो सकता है।
बहरहाल, पांच पदों पर किसी और का समायोजन होना है। इनमें कुछ प्रदेश पदाधिकारी प्रोन्नत हो रहे हैं जबकि संगठन के लिए कार्य करने वाले अन्य लोगों को भी मौका मिलने जा रहा है। संगठन महामंत्री सुनील बंसल को लेकर महामंत्री के कुल आठ पद हैं। इनमें स्वतंत्र देव सिंह और अनुपमा जायसवाल प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री हैं। बाकी विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया, पंकज सिंह, सलिल विश्वनोई और विद्यासागर सोनकर बचे हैं।
मंत्री के 15 पद हैं। संगठन के महत्वपूर्ण कार्यों में कई मंत्रियों ने बहुत खास जिम्मेदारी निभाई है। संगठन का दायित्व संभालने के साथ ही चुनाव प्रबंधन, परिवर्तन यात्रा और अन्य सभी कार्यक्रमों में इनकी ऊर्जा लगी है और इनमें कइयों ने खुद को प्रमाणित किया है। भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष स्वाती सिंह भी योगी सरकार में मंत्री हैं। उनकी जगह पर भी किसी और का चयन होना है।
Next Story
Share it