मंत्री जिलों में जाकर जनता की समस्याएं दूर करें-योगी
BY Anonymous24 Jan 2018 12:59 AM GMT

X
Anonymous24 Jan 2018 12:59 AM GMT
-तीन महीने बाद संगठन मंत्री व प्रदेश अध्यक्ष के साथ हुई बैठक
-महामंत्री संगठन ने मांगे मंत्रियों से अच्छे काम के सुझाव
-मुख्यमंत्री बोले-प्रभारी मंत्री अपने जिलों की करें चिंता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपनी कैबिनेट के मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा की। तीन महीने बाद हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री ने जहां मंत्रियों के कामकाज को लेकर मार्गदर्शन किया, वहीं कहा कि प्रभारी मंत्री अपने जिलों की चिंता करें और जनता की समस्या का वहीं हल किया जाए।
इस बैठक में भाजपा के महामंत्री संगठन सुनील बंसल और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा.महेंद्र नाथ पाण्डेय भी मौजूद रहे।
कैबिनेट की बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री ने सभी राज्यमंत्रियों, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार व कैबिनेट मंत्रियों को अपने आवास बुलाया। वहां महामंत्री संगठन सुनील बंसल व प्रदेश अध्यक्ष के साथ बैठक शाम करीब 7 बजे शुरू हुई तो रात 10.15 पर खत्म हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों में लगातार दौरे करें। इस दौरान वे जनता की समस्याओं को दूर करने पर खास ध्यान दें और आम लोगों को सरकार के अब तक के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों के बारे में बताएं। उन्हें समझाएं कि कैसे प्रदेश का कायाकल्प करने की कवायद संजीदगी व पारदर्शिता से जारी है।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री संगठन से समन्वय रखें और लोकसभा चुनाव-2019 के मद्देनज़र पूरी तैयारी की जाए। सीएम ने कहा कि मंत्री आम लोगों में सरकार की छवि अच्छी बनाने का काम करें। साथ ही आगे क्या करना है इस बारे में भी मंथन कर सुझाव दिए जाएं।
मुख्यमंत्री ने खराब काम कर रहे कुछ मंत्रियों की ओर संकेत करते हुए कहा कि जनता को सहूलियतें देने और उनके प्रति सेवा भाव को सर्वोपरि मानते हुए फैसले करें। युवाओं को रोजागर देने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का भी खूब प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने मंत्रियों लोकसभा चुनाव 2019 के मद्देनज़र और बेहतरी से काम करने के लिए सुझाव मांगे। साथ ही सरकार की नीतियों का अधिक से अधिक प्रचार करने पर बल दिया। बैठक में दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा शहर से बाहर होने के कारण मौजूद नहीं थे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डा. महेंद्र नाथ पाण्डेय और सुनील बंसल ने कार्यकर्ताओं को संतुष्ट करने, संगठन में फेरबदल के साथ ही अन्य मुद्दों पर मंथन किया।
Next Story