Home > राज्य > उत्तर प्रदेश > मथुरा में देर रात मुठभेड़, इंस्पेक्टर वृंदावन और इनामी बदमाश को गोली लगी
मथुरा में देर रात मुठभेड़, इंस्पेक्टर वृंदावन और इनामी बदमाश को गोली लगी
BY Anonymous23 Jan 2018 1:47 AM GMT

X
Anonymous23 Jan 2018 1:47 AM GMT
थाना वृंदावन अंतर्गत नगला रामलाल के पास देर रात करीब 1 बजे पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें 20 हजार के इनामी बदमाश की गोली लगी। वहीं इंस्पेक्टर वृंदावन भी गोली लगने से घायल हो गए। बदमाशों ने एक दिन पहले ही एक महिला से लूटपाट की थी।
मंगलवार की देर रात करीब 1 बजे वृंदावन पुलिस गश्त पर थी तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश नगला रामलाल की ओर घटना को अंजाम देने आ रहे हैं। इस पर वृंदावन में ही मौजूद एसपी सिटी को सूचना देकर इंस्पेक्टर वृंदावन सुबोध कुमार सिंह मौके की ओर गए। तभी बदमाशों ने पुलिस को आता देख फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी बदमाशों की घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग कर दी। दोनों के बीच काफी देर तक फायरिंग हुई। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी। वहीं वृंदावन इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह के हाथ में गोली लगी। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी श्रवण कुमार सिंह ने भी इस बात की तस्दीक की। जिस बदमाश के गोली लगी है वह 20 हजार का इनामी बताया जा रहा है। उसका नाम मनोज उर्फ अनिल निवासी जैत है। दोनों का उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी स्वप्निल ममगाई भी मौके पर पहुंच गए।
आश्रम में की थी लूट
मथुरा। जिन बदमाशों से वृंदावन में मुठभेड़ हुई है, बताया जा रहा है कि इन्होंने रविवार को गोपालगढ़ गांव राज राजेश्वरी पीठ आश्रम में हथियारों के बल पर संत स्वामी चित्र पूर्णानंद सरस्वती से 30 हजार रुपये लूटे थे। पुलिस तभी से इनके पीछे लगी थी। उस वारदात के समय इनकी संख्या करीब एक दर्जन थी। इसके अलावा इन्होंने एक महिला से भी लूट की थी।
Next Story