बीएचयू के प्रोफेसर से रंगदारी मांगने वाला मुठभेड़ में घायल
BY Anonymous21 Jan 2018 4:20 PM GMT

X
Anonymous21 Jan 2018 4:20 PM GMT
बीएचयू के रेडियोलॉजी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अमित नंदन द्विवेदी से रंगदारी मांगने वाला शातिर बदमाश अशोक यादव रविवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। लंका क्षेत्र के डाफी बाइपास स्थित लौटूबीर बाबा मंदिर के पास हुई मुठभेड़ में क्राइम ब्रांच के सिपाही सुमंत को भी गोली लगी है। बदमाश के पैर में गोली मारी गयी थी। बदमाश और सिपाही को पुलिस ने बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस ने अशोक के साथ अर्जुन सोनकर को गिरफ्तार किया है।
प्रोफेसर अमित नंदन बीएचयू परिसर के अरविंदो कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि वह सीर गोवर्धनपुर से अशोक यादव बोल रहा है। कायदे से 15 लाख रुपये दे दो नहीं तो हत्या कर दी जाएगी। धमकी से सहमे प्रोफेसर ने लंका पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर अशोक की तलाश कर रही थी।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच व लंका पुलिस लौटूबीर बाबा मंदिर के पास पहुंची। इसी दौरान अशोक ने पुलिस को देख लिया। पुलिस ने उसे रुकने को कहा तो वह फायरिंग करते हुए भागने लगा। दोनों तरफ से फायरिंग होने लगी। इस दौरान पुलिस की चलायी गोली उसके पैर में जा लगी। उधर, सिपाही सुमंत के हाथ में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने अशोक को पकड़ लिया। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ली गयी तो अशोक का साथी अर्जुन सोनकर झाड़ी में छिपा मिला। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
Next Story