Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

लूट की शिकार महिला से बोली पुलिस, गहने संभाल नहीं सकती तो पहनती क्यों हो...

लूट की शिकार महिला से बोली पुलिस, गहने संभाल नहीं सकती तो पहनती क्यों हो...
X
लखनऊ : देश के नंबर तीन गुडंबा थाने के पुलिसकर्मी शनिवार दोपहर चेन लूट की शिकार प्रिया पर ही भड़क गए। घटनास्थल पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उनसे कहा कि गहने संभाल नहीं सकती तो पहनती क्यों हो। इस रवैये से क्षुब्ध प्रीति का कहना है कि ऐसी पुलिस से क्या उम्मीद की जाए। हालांकि, पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
प्रिया जानकीपुरम में पति यतीश श्रीवास्तव और दो साल के बेटे कबीर के साथ रहती हैं। यतीश मुंबई में फिल्म प्रोडक्शन का काम करते हैं। पहले वह परिवार सहित मुंबई में ही रहते थे, लेकिन दो महीने पहले लखनऊ आकर रहने लगे। शनिवार दोपहर यतीश काम से बाहर गए थे।
करीब दो बजे प्रिया बेटे को टहलाने के लिए पास के पार्क जा रही थीं, इसी दौरान पीछे से लाल बाइक से आए एक बदमाश ने उनके बगल में गाड़ी रोककर गले से चेन झपट ली। बदमाश भागा तो प्रिया ने शोर मचाया। आसपास के लोग दौड़े लेकिन बदमाश को पकड़ा नहीं जा सका।
इलाकाई लोगों से सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रीति की मदद करने के बजाए उसे ही नसीहत देने लगी। पुलिसकर्मियों ने चेन पहनने पर प्रीति को टोक दिया। बोले, जब गहने की सुरक्षा नहीं कर सकती तो पहनती क्यों हो।
यह सुनकर प्रीति सन्न रह गईं। बाद में उन्होंने तहरीर दी जिस पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर रामसूरत सोनकर का कहना है कि लुटेरे को पकड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है।
यूपी पुलिस से अच्छी है मुंबई की पुलिस
पुलिस के रवैये से क्षुब्ध प्रिया ने कहा कि इससे अच्छी मुंबई की पुलिस है। सूचना देने पर पीड़ित की मदद करती है न कि उसे नसीहत देती है। प्रिया ने कहा कि पुलिसकर्मियों ने चेन लूट के लिए उसे ही जिम्मेदार ठहरा दिया। उन्होंने कहा कि यह कैसी पुलिस है जो पीड़ितों को ही दोषी बना रही है। क्या बदमाशों के डर से हम चेन पहनना छोड़ दें। अगर ऐसा है तो पुलिस की जरूरत ही क्या है। पुलिस के रवैये से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है।
Next Story
Share it