गोल्फ क्लब चौराहे के पास महिला के अपहरण की कोशिश

लखनऊ : गोल्फ क्लब चौराहे के पास गुरुवार को दिन दहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार करने आगरा से आयीं आटो सवार एक महिला के अपहरण की कोशिश की। बदमाशों ने महिला को पिस्टल तानकर आटो से खींच लिया और बाइक पर बैठाकर ले जाने लगे, लेकिन पीड़िता बदमाशों को धक्का देकर भागी। इस पर उन्होंने फायरिंग कर दी। हालांकि वह बाल-बाल बच गई।
गौतमपल्ली पुलिस पीड़िता की तहरीर पर बाइक सवार दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार पीड़िता का ससुरालीजनों से विवाद चल रहा है। थाना प्रभारी गौतमपल्ली विजय सेन सिंह के मुताबिक अंजना पत्नी स्व. रविंद्र कुमार पाल सिंह जादौन ने तहरीर दी है कि वह मूल रूप से आगरा स्थित नाई की मंडी बैंक कॉलोनी की रहने वाली हैं। वह तीन दिन पहले मुख्यमंत्री से मिलने के लिए लखनऊ आयी थीं। यहां गोमतीनगर स्थित एक होटल में रुकी हुई थीं। अंजना ने बताया कि वह गुरुवार सुबह करीब 11 बजे आटो से मुख्यमंत्री आवास की ओर जा रही थी। इस बीच गोल्फ क्लब चौराहे के पास पीछे से मोटरसाइकल सवार बदमाशों ने पिस्टल तानकर चालक को रोका। बदमाश हेलमेट लगाए थे। शोर मचाने पर बदमाशों ने चालक और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने उन्हें आटो से खींच लिया और कनपटी पर पिस्टल लगाकर जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने लगे। इस बीच आटो चालक भी भाग निकला। वह बदमाशों को धक्का देकर भागी तो उन पर फायर झोंक दिया। हालांकि वह बाल-बाल बच गईं। इसके बाद उन्होंने कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर ने बताया कि अंजना की तहरीर पर जानलेवा हमले की धारा में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ससुरालीजनों से है विवाद
पूछताछ में अंजना ने बताया कि उनके पति की वर्ष 2014 में मौत हो गई थी। उसके बाद से जेठ चंद्रपाल व उसके भाई वीरेंद्र, सोमेंद्र, मुनेंद्र, भवर निवासी सोरो कटरा शाहगंज आगरा बुरी नियत रखते हैं। ससुरालीजनों से उसका संपत्ति का भी विवाद चल रहा है। उन्होंने आगरा पुलिस से इसकी शिकायत की थी, लेकिन स्थानीय पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही हैं। इस कारण वह न्याय की आस में मुख्यमंत्री से मिलने आयी थीं। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटनास्थल से लेकर 1090 चौराहे तक लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, अंजना का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर में खेल कर अपहरण के प्रयास की धारा नहीं लगाई है।