योगी आदित्यनाथ सरकार किसान तथा गरीब विरोधी : अखिलेश यादव
BY Anonymous18 Jan 2018 1:10 PM GMT

X
Anonymous18 Jan 2018 1:10 PM GMT
औरैया -समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर जमकर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार को किसान तथा गरीब विरोधी बताया है।
औरैया के दिबियापुर में अखिलेश यादव ने दिबियापुर में सपा नेता स्वर्गीय मान सिंह यादव के आवास पर पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अखिलेश ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार गरीब तथा किसान की विरोधी है। सरकार धान खरीद के बाद अब किसान को आलू के नाम पर परेशान कर रही है। आलू खरीदने का कोई इंतजाम नहीं किया जा रहा है। जिससे किसान बेहद परेशान है।
अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में अभी किसानों को पुराने आलू का दाम मिला है। इसके साथ कोल्ड स्टोरेज मालिकों को भी कोई राहत नहीं दी गई। इससे पहले सरकार ने धान खरीद में किसानों के साथ धोखा किया। सरकार ने प्रदेश के किसान से कर्ज माफ के नाम पर वोट लिया लेकिन जनता को धोखा दिया। प्रदेश में गरीबों का भी हाल काफी बुरा है।
उन्होंने कहा जीएसटी तथा एफडीआई से छोटे दुकानदार परेशान हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार तो नौकरी देने के नाम पर भी घिरी हुई है। अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार ने नौकरियों के नाम पर वोट लिया, लेकिन किसी को भी नौकरी नहीं दी है। यह सरकार तो नौकरी छीनने वाली सरकार है।
देवी-देवता का किया अपमान
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने देवी-देवता का भी अपमान किया है। भगवान राम के नाम पर वोट लेने वाली सरकार ने सूबे के शौचालय का रंग भगवा कर दिया। इस सरकार ने भगवा रंग का अपमान किया है। प्रदेश में भगवा रंग के लेकर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है। इस मामले में सबसे ज्यादा आक्रामक समाजवादी पार्टी दिख रही है। अखिलेश यादव ने आज भगवा रंग को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जो रंग पवित्र माना जाता है। उस रंग से बाथरूम बना दिए। इज्जत घर में भगवा रंग लगा दिया। इन्होंने धर्म का अपमान किया है। अखिलेश ने कहा कि जो हिंदू धर्म का अपमान करते हों, उन्हें किसी धर्म की चिंता नहीं होगी।
अखिलेश ने कहा कि जो सरकार मथुरा, वृंदावन और फैजाबाद में काम रोक देती है। उन्होंने कहा कि हमारा सवाल है मथुरा, वृंदावन, वाराणसी, फैजाबाद में जो काम हम करवा रहे थे, उन्हें इन्होंने क्यों रोक दिया। गोरखपुर में काम के लिए पैसा नहीं देते हैं। उनसे क्या उम्मीद करेंगे आप। क्या यह सरकार हज के लिए सब्सिडी देगी। कभी नहीं।
Next Story




