2019 चुनाव की तैयारी के लिए हुंकार भरी अखिलेश यादव ने

लखनऊ: भाजपा के अंदर कूड़ा ज्यादा है, भाजपाइयों के विचारों में गंदगी, इस कूड़े की सफाई करेगी सपा, पार्षदों, निकायों के अध्यक्षों से मिले अखिलेश यादव, बैठक में 2019 चुनाव की तैयारी के लिए कहा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा ने नगर निगम के महापौर के चुनावों का इस तरह शोर मचाया था जैसे चुनाव सिर्फ नगर निगमों में ही हुआ हो। पूरे राज्य में नगर पंचायत और नगरपालिका परिषद के चुनावों की भाजपा ने चर्चा तक नहीं की। सच्चाई तो यह है कि इन चुनावों में भाजपा बुरी तरह पराजित हुई है।
अखिलेश यादव ने यह शनिवार को पार्टी के नवनिर्वाचित नगर निगम के पार्षदों, नगरपालिका परिषद एवं नगर पंचायत के अध्यक्षों की बैठक में कही। अखिलेश यादव ने कहा कि इनकी जीत से पार्टी का सम्मान बढ़ा है, लेकिन भाजपा के झूठ से सभी को सावधान रहना है। भाजपा अफवाहें फैलाती है और मुद्दों के साथ खिलवाड़ करती है। 2019 में लोकसभा का बड़ा चुनाव है, उसे भी लक्ष्य मान कर काम करना है।
सपा अध्यक्ष ने कहा समाजवादी प्रत्याशी ईवीएम की तुलना में बैलेट से ज्यादा जीतकर आए हैं। अयोध्या में राम जन्मभूमि वार्ड से समाजवादी पार्टी जीती हैं। अपनी जीत का भाजपा कुप्रचार करती है। उत्तर प्रदेश में 9 महीनों में भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा स्मार्ट सिटी की बड़ी बातें करती है लेकिन यह स्मार्ट सिटी क्या है और कहां है, इसका अता पता नहीं मिलता है।
भाजपा ऐसे ही अफवाहें फैलाती है और झूठ के सपनें दिखाती है। प्रस्ताव पास कर अखिलेश का आभार जताया नवनिर्वाचित अध्यक्षों एवं पार्षदों द्वारा एक प्रस्ताव के जरिए अखिलेश यादव का आभार व्यक्त किया गया। प्रस्ताव में कहा गया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में भाजपा की जनविरोधी नीतियों के विरूद्ध संघर्ष में कोई पीछे नहीं रहेगा। नगर पंचायत और नगरपालिका परिषद के अध्यक्षों तथा नगर निगम के पार्षदों ने संकल्प लिया कि वे भाजपा से अच्छा काम करेंगे और विकास कार्यों में किसी से पीछे नहीं रहेंगे। इस मौके पर सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, विधानसभा में नेता विरोधी दल, रामगोविन्द चौधरी, नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद अहमद हसन, पूर्वमंत्री राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।




