Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

पार्टी में एकता नहीं, पार्टी शिवपाल को साथ लेकर चलती तो परिणाम और बेहतर होते

पार्टी में एकता नहीं, पार्टी शिवपाल को साथ लेकर चलती तो परिणाम और बेहतर होते
X

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने गुजरात चुनाव में अपनी ही पार्टी की हार पर बड़ा बयान देकर सियासत फिर गरमा दी। उन्होंने अपने बेटे सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। कहा कि गुजरात में पांच सीटों पर लड़ रहे सपा प्रत्याशी चुनाव हारेंगे। गुजरात में किस दल की सरकार बनेगी, इस सवाल पर चुप्पी साध गए।

निकाय चुनावों में सपा के प्रदर्शन पर मुलायम सिंह ने कहा कि पार्टी शिवपाल को साथ लेकर चलती तो परिणाम और बेहतर होते। शनिवार को इटावा में सिविल लाइंस स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत में मुलायम सिंह ने कहा कि आज पार्टी में एका नहीं है। यही वजह रही कि हम निकाय चुनाव में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके। प्रधानमंत्री मोदी पर कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की टिप्पणी पर कहा कि यह बेहद अशोभनीय है। कांग्रेस ने तो अय्यर को सिर्फ निलंबित ही किया है। उनकी पार्टी में होते तो हमेशा के लिए बाहर का रास्ता दिखा देता।

सपा संरक्षक सूबे योगी सरकार पर भी हमलावर रहे। कहा कि प्रदेश सरकार में सभी परेशान हैं। किसी को रोजगार नहीं मिल रहा। प्रदेश सरकार आठ महीने से क्या कर रही है, यही किसी को नहीं पता। मजदूर, किसान, व्यापारी, अल्पसंख्यक, बेरोजगार, नौजवान हर वर्ग परेशान है।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में कन्या विद्या धन, बेरोजगारी भत्ता जैसी तमाम योजनाएं लागू थीं, आज सभी बंद हैं। सरकार किसी को कुछ नहीं दे पा रही है, बल्कि सुविधाएं छीनी जा रही हैं। देश के सियासी हालात पर कहा कि एक बार फिर बड़े आंदोलन की जरूरत है। समाजवादी इस आंदोलन को लेकर चिंतित हैं। आंदोलन की रूपरेखा वक्त आने पर लोगों को बता दी जाएगी।

मुलायम सिंह ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर को और सुधारने की जरूरत पर जोर दिया। कहा कि सरकार इस दिशा में ठोस प्रयास नहीं कर रही है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर सवाल दागा। कहा, भाजपा वाले अब अयोध्या में राम मंदिर क्यों नहीं बनाते। भाजपा सिर्फ राजनीति चमकाने के लिए इस तरह के मुद्दे जनता के बीच उछालती है। उसकी नीयत साफ नहीं है।

इस दौरान मुलायम ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के उस बयान से असहमित जताई जिसमें उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भावी प्रधानमंत्री का चेहरा बताया था। मुलायम ने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी पार्टी में ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है। इस मौके पर पूर्व मंत्री रामसेवक यादव गंगापुरा भी उनके साथ रहे।

Next Story
Share it