Home > राज्य > उत्तर प्रदेश > रामपुर में सपा की जीत पर आजम खां ने कहा, नफरत की हार और मोहब्बत की जीत
रामपुर में सपा की जीत पर आजम खां ने कहा, नफरत की हार और मोहब्बत की जीत
BY Anonymous2 Dec 2017 11:03 AM GMT

X
Anonymous2 Dec 2017 11:03 AM GMT
रामपुर - उत्तर प्रदेश के निकाय चुनाव में प्रदेश में भले ही अधिकांश जगह पर भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराया हो, लेकिन रामपुर में समाजवादी पार्टी के फायर ब्रांड नेता आजम खां का दबदबा कायम रहा। आजम खां भी अपने गढ़ में पार्टी की सफलता से बेहद गदगद हैं।
रामपुर में समाजवादी पार्टी की जीत पर आजम खां ने कहा कि यहां पर किसी पार्टी की हार या जीत नहीं बल्कि नफरत की हार और मोहब्बत की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव की मतगणना से पहले ही प्रदेश में बिजली के रेट बढऩा भाजपा की राजनीतिक धोखेबाजी है। इनका यह कृत्य तो जनता का विश्वास को तोडऩा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह यूपी में निकाय चुनाव के बाद बिजली के दाम बढ़े हैं, ठीक उसी तरह से गुजरात चुनाव के बाद बेनामी सम्पत्ति पर भी कार्यवाही होगी।
गौरतलब है कि रामपुर में समाजवादी पार्टी की सरपट दौड़ी। यहां पर भाजपा को झटका लगा। पिछले चुनाव में उसने तीन निकाय पर कब्जा किया था, लेकिन इस बार दो सीटें उसके हाथ से खिसक गईं। यह दोनों सीट सपा के खाते में गईं। पार्टी ने रामपुर में चार, मुरादाबाद में दो और अमरोहा में तीन अध्यक्ष पद हासिल किए। जबकि सम्भल में सपा खाता तक नहीं खोल सकी।
रामपुर की आठ निकायों में से चार में सपा के चेयरमैन बने, जबकि भाजपा और कांग्रेस को एक-एक सीट मिली। बसपा का खाता भी नहीं खुल सका। सपा ने चेयरमैन की दो सीटे भाजपा से छीन लीं। दो निर्दलीय जीते।
दोनों भी पहले सपा से जुड़े रहे और इन दोनों स्थानों पर सपा ने अपने प्रत्याशी भी घोषित नहीं किए थे। विधानसभा चुनाव में भी रामपुर में सपा सबसे आगे रही थी। उसने पांच में तीन सीटों पर कब्जा किया था। निकाय चुनाव में भी उसने अपना दबदबा बनाए रखा।
आजम खां के शहर रामपुर में सपा की फातिमा अजहर विजयी रहीं। बिलासपुर में सपा के मोहम्मद हसन और मिलक से केतकी गंगवार विजयी रहीं। ये दोनों सीटें सपा ने भाजपा से छीन लीं। शाहबाद में सपा की शमा परवीन विजयी रहीं।
Next Story




