Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

गाय और सत्ता को लेकर अखिलेश ने दिया चौंकाने वाला बयान

गाय और सत्ता को लेकर अखिलेश ने दिया चौंकाने वाला बयान
X

औरैया में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार, सपा सरकार की योजनाओं को बंद कर रही है। नोटबंदी सिर्फ समाजवादियों को रोकने के लिए की गई। नोटबंदी से कोई भ्रष्टाचार नहीं रुका। गाय की बात करते हैं मगर यदुवंशी और समाजवादी लोग तो गाय व भैंस दोनों पालते हैं।

सपा नेता की श्रद्धांजलि सभा के बाद अखिलेश यादव ने वर्तमान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा कि कोई काम किया हो तो बताएं। हमने एक्सप्रेस वे बनवाया अब वह उसी पर विमान उड़ा रहे। मेट्रो हमने चलाई और उद्घाटन वो कर रहे हैं। नोट बंदी सिर्फ समाजवादियों को रोकने के लिए की गई थी कि कहीं समाजवादी पार्टी की प्रदेश में सरकार न बन जाए। नोटबंदी से भ्रष्टाचार और बढ़ा है।

जीएसटी पर लाभ होगा या नहीं यह तो भाजपा के नेता भी नहीं जानते। सपा सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं को बंद किया जा रहा है। नेता जी ने हमें काम करने का मौका दिया हमने पार्टी को आगे बढ़ाने का काम किया। हमसे अच्छी तरह कोई गाय नहीं पाल सकता है। हम लोगों के यहां कई गाय, भैंस हैं।

बिधूना में प्रधान के पिता की मौत पर दी श्रद्धांजलि

औरैया एरवाकटरा के सपा नगर अध्यक्ष राजू वर्मा की पिछले दिन डेंगू से दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई थी। मंगलवार को सपा मुखिया व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके बाद अखिलेश बिधूना क्षेत्र के गांव कन्नपुर के प्रधान ब्रजमोहन यादव के पिता की मौत पर शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपने पार्टी के नेता व पूर्व प्रधान तथा क्रय विक्रय संघ के अध्यक्ष मुख्तयार सिंह यादव की मौत पर शोक संवेदना व्यक्त करने उनके आवास पर पहुंचे। उनके पुत्र ब्रजमोहन के परिवार के बीच बैठकर ढांढस बंधाया। इसके बाद वह एरवाकटरा पहुंचे और नगर अध्यक्ष राजू वर्मा की मौत पर शोक संवेदना प्रकट की। कहा कि हमने एक युवा साथी खो दिया है। जब हम पहली बार कन्नौज सीट से चुनाव लड़े थे तो राजू ने उन्हें एरवाकटरा वासियों से मिलवाया था। उनका संघर्ष पार्टी नहीं भुला सकती। कहा कि वह लोग अकेला न समझे पार्टी उनके साथ है। इस मौके पर पूर्व विधायक प्रदीप यादव, सपा नेता गुड्डू वर्मा, रचना सेंगर समेत कई सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Story
Share it