Home > राज्य > उत्तर प्रदेश > हम कृष्ण व राम दोनों को मानते हैं, भाजपा हमको हिंदू ही नहीं मानतीः अखिलेश
हम कृष्ण व राम दोनों को मानते हैं, भाजपा हमको हिंदू ही नहीं मानतीः अखिलेश
BY Anonymous22 Nov 2017 1:07 AM GMT

X
Anonymous22 Nov 2017 1:07 AM GMT
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कन्नौज में एक निजी कार्यक्रम के दौरान भाजपा पर जमकर हमला बोला। इस दौरान उन्होने कहा कि भाजपा ने सदैव सपा पर यादव-मुस्लिम होने का आरोप लगाया है। एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बागियों को चेतावनी देने के साथ ही विपक्ष पर हमला साधा।
जनपद में कराए गए सपा सरकार के कामों को गिनाते हुए कहा कि केंद्र व यूपी की सरकारें जनता को अपने काम भी नहीं बता पा रही हैं।
चुनाव के बाद बूथों की समीक्षा करने की बात कहकर उन्होंने जिले में पार्टी के बड़े नेताओं का भविष्य भी तय करने की ओर इशारा किया। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह जिले के अधूरे विकास कार्यो को तेजी से पूरा कराए। गिनाया कि उन्होंने तिर्वा रोड पर ओवरब्रिज, पैरा मेडिकल, राजकीय इंजीनियरिंग, विधि विज्ञान प्रयोगशाला का निर्माण शुरु कराया था जो सरकार बदलते ही रुक गया।
उन्होंने मंदी के दौर में भी आलू किसानों की फसलों को दूसरे प्रदेशों में बिकवाने की व्यवस्था कराई थी, लेकिन इस सरकार में यह भी बंद हो गई।
अखिलेश ने कहा कि चूंकि कन्नौज से उनका सीधा जुड़ाव रहा है, इसलिए भाजपा सरकार इस जिले के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। सरकार बदलते ही सबसे पहले कन्नौज की बिजली काटने का काम किया गया। जनता अब सपा सरकार के विकास कार्यों व योजनाओं को याद कर रही है।
टिकट न मिलने पर सपा प्रत्याशियों को चुनौती दे रहें बागियों को चेताया कि समय बदल गया सबके हांथ में मोबाइल है, रात की हरकत भी कैमरे में कैद हो जाती है, विरोध करके कोई बच नहीं सकता।
निकाय चुनाव के बाद पार्टी प्रत्याशियों का विरोध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। चुनाव के बाद बूथों की समीक्षा भी होगी। कार्यकर्ताओं से अपील की कि पार्टी प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत लगा दें।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लोग हमको हिंदू ही नहीं मानते। सैफई में भगवान कृष्ण की विशालकाय प्रतिमा बनवाई जा रही है। हम भगवान कृष्ण व राम दोनों को मानते हैं। भाजपा ने सदैव सपा पर यादव-मुस्लिम होने का आरोप लगाया है। इस बार कन्नौज में जय कुमार तिवारी को टिकट देकर वह आरोप भी खत्म कर दिया गया।
Next Story




