गाजियाबाद: भाजपाइयों ने तिरंगे से ऊपर लगा दिया पार्टी का झंडा
BY Anonymous19 Nov 2017 11:45 AM GMT

X
Anonymous19 Nov 2017 11:45 AM GMT
शनिवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद पहुंचे। शहर में उनकी जनसभा के दौरान शनिवार को घंटाघर के जवाहर गेट पर राष्ट्रध्वज का अपमान देखने को मिला। यहां घंटाघर पर लगे तिरंगे के डंडे से ही सटाकर किसी ने भाजपा का झंडा तिरंगे से ज्यादा ऊंचाई पर लगा दिया। भाजपा का झंडा तिरंगे के साथ और उससे ऊंचा दिखने पर लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। ये तस्वीरें देखते ही देखते सोशल मीडिया में वायरल हो गईं। लोगों ने इस बात की कड़ी आलोचना की। जिले के एसएसपी का कहना था कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि शहर के ऐतिहासिक घंटाघर गेट की चोटी पर शुरू से ही राष्ट्रीय ध्वज लहराता है। शनिवार दोपहर यहां किसी ने भाजपा के झंडे को तिरंगे से भी ऊंचा लगा दिया। इस मामले में भाजपा के महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा है कि किसी कार्यकर्ता ने अति उत्साह में ऐसा कर दिया है। इसके लिए वह खुद भी काफी शर्मिंदा हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का सम्मान सर्वोपरि है।
ये पहला मौका नहीं है जब इस तरह से बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने जाने-अनजाने में तिरंगे का अपमान किया हो। इससे पहले भी दूसरे मौकों पर ऐसी घटना सामने आ चुकी है। बीते 15 अगस्त के दिन भी यूपी में बीजेपी के कार्यालय में तिरंगे से ऊपर पार्टी का झंडा लहराने का मामला सामने आया था।
Next Story




