रोज नए नियमों से जनता परेशान : नरेश उत्तम
BY Anonymous18 Nov 2017 3:05 AM GMT

X
Anonymous18 Nov 2017 3:05 AM GMT
आजमगढ़। पिछले आठ माह से सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा अपनी नगर पालिका की सीटिंग सीट को सुरक्षित नहीं कर पा रही है। समाजवादी पार्टी जिले की दोनों नगरपालिकाओं समेत सभी नगर पंचायतों में अखिलेश यादव के विकास रूपी चेहरे के दम पर कब्जा करने जा रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से रोज बनने वाले नये नियमों से जनता परेशान है।
उक्त बातें सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने शुक्रवार को नगर के एक होटल में प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा के पास प्रदेश के विकास की कोई रूपरेखा नहीं है। होती तो तो आठ माह की सत्ता में प्रदेश की सूरत बदल जाती। भाजपा को आपस में झगड़ा लगाने में महारत हासिल है।
प्रदेश की स्थिति भयावह हो चुकी है। अपराध, हत्या, बलात्कार में प्रदेश अव्वल है। गरीब जनता को नित नए नियमों के नाम पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने सभी से नगर निकाय चुनाव में सपा को मजबूत करने के लिए एक होने का आह्वान किया। सबका साथ-सबका विकास का नारा देने वाली भाजपा की छवि जुमलेबाज पार्टी के रूप में हो चुकी है।
डिप्टी सीएम दिनेश चंद्र शर्मा की ओर से लगाए गए सपा सरकार में केंद्र के पैसे का दुरुपयोग करने के आरोप का जवाब देते हुए कहा कि वह कैबिनेट मंत्री हैं उन्हें इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए।
इस मौके पर पूर्व मंत्री बलराम यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, रामआसरे विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, नफीस अहमद, बृजलाल सोनकर, पूर्व सांसद नंद किशोर यादव, विजय यादव, नगर पालिका प्रत्याषी पद्माकर लाल वर्मा आदि उपस्थित थे।
नगर आगमन से पूर्व अतरौलिया में सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव, विधायक डा. संग्राम यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद नगर के भवरनाथ चौराहे पर सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, पूर्व मंत्री वसीम अहमद, दुर्गा प्रसाद यादव, नफीस अहमद, एसके सत्यने आदि के द्वारा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया गया।
इसके बाद वहां से सपा की ओर से रोड शो किया गया। जो भवरनाथ से चलकर ब्रह्मस्थान, शिब्ली चौराहा, पहाड़पुर, तकिया, पुरानी कोतवाली होते हुए आसिफगंज पहुंचा।
Next Story




