Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

अगर नौकरी भर्ती में धांधली हुई तो जेल भेज देंगे-सीएम

अगर नौकरी भर्ती में धांधली हुई तो जेल भेज देंगे-सीएम
X
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नौकरियों धांधली करने वालों को चेताते हुए कहा कि ऐसे लोगों को जेल भेजने के साथ ही संपत्ति भी जब्त की जाएगी। अब भर्तियों में भाई-भतीजावाद व विशेष जिले का बोलबाला नहीं होगा। हमने सरकारी भर्ती की पारदर्शी व्यवस्था प्रस्तुत की है। सरकार पुलिस में 47 हजार और शिक्षकों की एक लाख 76 हजार भर्ती करने जा रही है।
लंका मैदान में शुक्रवार को निकाय चुनाव प्रचार के लिए आयोजित जनसभा में योगी ने कहा कि पिछली सरकारें नगर निकायों के साथ भेदभाव करती थीं। द्वेषवश चेयरमैन के कार्यों पर रोक लगाई जाती थी। इसके चलते नगर निकाय पंगु हो गए थे। भाजपा सरकार नगर निकायों को पुनर्जीवित कर सुविधाएं दिलाएगी। सीएम ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है। नगर निकायों में भी भाजपा आएगी तभी नगरीय क्षेत्रों का विकास हो पाएगा।
प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ किया गया। पिछली सपा सरकार पांच वर्ष में मात्र कुछ हजार लोगों को आवास दे पाई। जबकि भाजपा की पांच माह की सरकार ने 11 लाख शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को पीएम आवास की सुविधा उपलब्ध कराई। सीएम ने कहा कि बिजली का लाभ अब प्रदेश की राजधानी या प्रदेश के कुछ जिलों को नहीं बल्कि सभी जिलों को बराबर मिलेगा। जितनी बिजली लखनऊ को मिलेगी, उतनी ही इस जिले को भी मिलेगी। हर जिले में एक माडल नगर पालिका बनाएंगे। निकायों में अच्छे लोग चुनकर आएंगे तो विकास के लिए भटकना नहीं होगा। सभा में मौजूद संचार व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा की तारीफ करते हुए कहा कि वह इस जिले में बड़ी बड़ी योजनाएं लेकर आए, जिसका जिलेवासियों को लाभ मिला।
एलईडी से रोशन होंगे सभी नगर निकाय
लंका मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ईसीएल से समझौता हो गया है। सभी नगर निकायों को एलडी से रोशन किया जाएगा। नगर निकायों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है। बहुत से नगर निकायों में यह कार्य पूरा भी हो गया है। सभी गांवों और मजरों को बिजली से जोड़ा जाएगा। जब सत्ता संभाली थी तब प्रदेश के एक लाख 70 हजार मजरों में बिजली नहीं थी। इस सरकार में काफी संख्या में मजरों तक बिजली पहुंचा दी गई है। जनसभा में केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, बलिया सांसद भरत सिंह, विधायक संगीता बलवंत, अलका राय, सुनीता सिंह, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, केदारनाथ सिंह व भाजपा जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह मौजूद थे।
Next Story
Share it