Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

तीन पूर्व विधायक सहित दो दर्जन नेता भाजपा में शामिल

तीन पूर्व विधायक सहित दो दर्जन नेता भाजपा में शामिल
X
लखनऊ - भारतीय जनता पार्टी का कुनबा उत्तर प्रदेश में बढ़ता ही जा रहा है। समाजवादी पार्टी से दो बार विधायक रहे पीके राय, कांग्रेस की विधायक रहीं शशि शर्मा तथा सपा से विधायक रहीं चंद्रा रावत सहित दो दर्जन नेता आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
भाजपा कार्यालय में आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पाण्डेय ने कुशीनगर से समाजवादी पार्टी से दो बार विधायक रहे पीके राय को पार्टी में शामिल कराया। इनके साथ ही पूर्व विधायक चंद्रा रावत ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
पूर्व विधायक पीके राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी में प्रजातंत्र नहीं है बल्कि एकतंत्र है। जिसकी वजह से उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। उन्होंने कहा भाजपा ही देशहित व समाजहित में, विकास व भ्रष्टाचार मुक्त राजनीति करने वाली पार्टी है। राय ने कहा कि तीन साल से केंद्र में मोदी की सरकार है लेकिन किसी भी तरह के घोटाला या हवाला की चर्चा नहीं हुई। उसी तरह योगी आदित्यनाथ के दामन पर भी एक छोटा सा दाग नहीं है।
अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान है। इसी वजह से दूसरे दल के बड़े नेता भी शामिल हो रहे हैं।
भाजपा देश, प्रदेश ही नहीं विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। उत्तर प्रदेश सहित देश के जनभावनाओं की सच्ची पार्टी है, इसलिए भी लोग बीजेपी में शामिल हो रहे हैं।
कुशीनगर से दो बार समाजवादी पार्टी के विधायक रहे डॉ पीके राय, कांग्रेस की पूर्व विधायक शशि शर्मा, सपा की पूर्व विधायक चंद्रा रावत, वाराणसी जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर, महोबा की जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, कॉपरेटिव बैंक के चेयरमैन रहे धीरेंद्र वर्मा, बसपा की प्रवक्ता रितु सिंह, सपा के प्रदेश सचिव सोहनलाल त्यागी, बसपा कन्नौज के पूर्व जिलाध्यक्ष अजय भारती, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयनारायण कुरील समेत सपा-बसपा के कई नेता अपनी-अपनी पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। इनके भाजपा में शामिल होने के दौरान प्रदेश अध्यक्ष के साथ कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य व रीता बहुगुणा जोशी भी थे।
Next Story
Share it