Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

सीएम योगी के पूर्व संसदीय क्षेत्र में लड़कों ने महिला को सरेआम पीटा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

सीएम योगी के पूर्व संसदीय क्षेत्र में लड़कों ने महिला को सरेआम पीटा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
X

गोरखपुर: महिला उत्पीड़न को लेकर उत्तर प्रदेश एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के पूर्व संसदीय क्षेत्र गोरखपुर में युवकों ने एक महिला के साथ बुरी तरह मारपीट की। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा शेयर किए गए करीब एक मिनट के वीडियो की शुरुआत में महिला के घर के बाहर एक युवक खड़ा नजर आ रहा है। वह घर की तरफ देखकर बुरी तरह चिल्ला रहा है और पत्थर उठाकर घर में मार रहा है। वीडियो में युवक किसी को घर से बाहर आने की चुनौती देता हुआ नजर आ रहा है। कुछ ही देर में अन्य पांच-सात लड़के भी घर के बाहर पहुंच जाते हैं।

करीब बीस सेकंड बाद घर से एक महिला निकलकर आती है। वह युवक को वहां से जाने के लिए कहती हुई नजर आती है। वीडियो देखकर लगता है कि इस दौरान दोनों के बीच तीखी नोक-झोंक हो गई। तब बातचीत कर रहा युवक अचानक महिला से मारपीट करने लगा। इस दौरान युवक के साथ आए अन्य युवकों ने भी महिला के साथ बुरी तरह मारपीट की। दोनों तबतक महिला के साथ मारपीट करते जबतक कोई बचाव में नहीं आता है। तभी एक वरिष्ठ महिला घर से निकलकर आती है और हमलावरों पर हमला कर देती है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों लड़कों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वीडियो 12 नवंबर का है।

गौरतलब है कि इससे पहले यूपी के ही लखीमपुर खीरी में लड़के ने 13 साल की बच्ची का हाथ तलवार से काट दिया था। तब लड़की के दूसरे हाथ और शरीर में चोट लगी थीं। मामले में पुलिस ने बताया था कि दोनों की मोबाइल चार्जर को लेकर झगड़ा हो गया। ये वारदात भी स्थानीय सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।

Next Story
Share it