Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

500 गाड़ियों के काफिले के साथ आगरा पहुंचे अखिलेश

500 गाड़ियों के काफिले के साथ आगरा पहुंचे अखिलेश
X
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को आगरा पहुंच गए। यहां कल पांच अक्तूबर को तारघर मैदान में राष्ट्रीय अधिवेशन होना है। आज पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होगी।
बैठक में अधिवेशन के दौरान रखे जाने वाले राजनीतिक और आर्थिक प्रस्तावों पर चर्चा होगी। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहेगा। पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह के शामिल होने का भी इंतजार है।
राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, विधानसभा में नेता विरोधी दल रामगोविंद चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने मंगलवार को ही शहर में डेरा डाल दिया है। दोपहर तीन बजे से होटल रेडीशन ब्ल्यू में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छह महासचिव और पांच सचिव, विभिन्न प्रदेशों के प्रभारी आदि मौजूद रहेंगे।
बुधवार को आगरा आए अखिलेश यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले दमखम दिखा दिया। आगरा पहुंचे उनके काफिले में करीब 500 गाड़ियां रहीं। आगरा से पहले फिरोजाबाद में एक्सप्रेसवे पर सपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद एक्सप्रेसवे के रास्ते ही अखिलेश आगरा पहुंचे।
राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां, रवि प्रकाश, नरेश अग्रवाल भी बुधवार को दोपहर तक आगरा पहुंच गए। बैठक में मुलायम सिंह यादव के आने की संभावना भी जताई जा रही थी। हालांकि अभी तक इस बारे में कोई कुछ खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं।
मंगलवार को स्वागत समिति के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामजी लाल सुमन ने प्रेसवार्ता में बताया कि कार्यकारिणी और अधिवेशन को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिवेशन में 25 प्रदेशों के 15 हजार से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव को न्योता दिया गया है। वह आएंगे तो कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा।
Next Story
Share it