सांप्रदायिकता व आतंकवाद से डटकर लड़ेंगे : शिवपाल
लखनऊ : लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि सांप्रदायिकता, आतंकवाद व भ्रष्टाचार के खिलाफ हम तब-तक लड़ाई लड़ेंगे जब तक ये देश के बाहर नहीं चला जाता। जब-जब लोकतंत्र पर हमला हुआ हम समाजवादियों ने आगे बढ़कर उसका विरोध किया। गुरुवार को चंद्रभानु गुप्त जन सेवा संस्थान द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवाद के प्रवर्तक चंद्रभानु गुप्त की जयंती के मौके पर शिवपाल लोगों को संबोधित कर रहे थे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया।
शिवपाल ने कहा कि लखनऊ को संवारने में चंद्रभानु गुप्त ने ऐतिहासिक कार्य किया। अगर उनके दिखाए मार्ग पर प्रदेश चलता तो न जाने आज कितना आगे निकल जाता। वह उच्च पद पर होने के बावजूद सादगीपूर्ण जीवन जीते थे। पूर्व मंत्री भगवती सिंह ने कहा कि चंद्रभानु गुप्त ने हमेशा मूल्यों की राजनीति की। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) शारदा प्रताप शुक्ला ने कहा कि उन्होंने हमें पढ़ाई के लिए उस जमाने में 30 रुपये महीना दिया, जिससे मैं शिक्षा ग्रहण कर सका।
कार्यक्रम में चंद्रभानु गुप्त के जीवन पर आधारित किताब का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकार प्रो. रमाकांत श्रीवास्तव, एमएलसी जगजीवन प्रसाद, मंत्री शारदा प्रताप शुक्ला, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष जरीना उस्मानी, नेता जगदीप सिंह, विचारक राजनाथ शर्मा, दीपक मिश्रा, मध्य प्रदेश में सपा के प्रदेश अध्यक्ष गौरी यादव आइपीएस अधिकारी व कवि अखिलेश निगम, कवि रमन लाल अग्रवाल, स्काउट गाइड की प्रदेश अधिकारी कामिनी श्रीवास्तव, पूर्व मंत्री मरगूब अहमद लारी, सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव, भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय, व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल आदि सम्मानित किए गए।
Next Story