सपा प्रत्याशियों की अगली सूची फ़ाइनल
लखनऊ : प्रदेश में सत्ता बरकरार रखने को बेताब समाजवादी प्रत्याशियों की सूची जारी करने में अभी तक सबसे आगे है। करीब दो महीने पहले पार्टी ने 150 से अधिक प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। यह वह प्रत्याशी थे, जो पिछले चुनाव में दूसरे या तीसरे स्थान पर थे। अब बाकी सीटों पर जल्द ही प्रत्याशी घोषित होंगे।
समाजवादी पार्टी ने अपने अभियान को गति देने के लिए फ्रंटल संगठनों को सक्रिय कर दिया है। समाजवादी पार्टी ने अभी तक 160 उम्मीदवारों की सूची जारी कर अन्य पार्टियों से काफी बढ़त ले ली है। पार्टी अपने प्रत्याशियों की अगली सूची को भी जारी करने में अधिक समय नहीं लेगी।
समाजवादी पार्टी ने विधानसभा चुनाव और गठित समितियों के लिए अपनी तैयारियों तेज कर दी हैं। मौजूदा विधायकों के बारे में जानकारी एकत्र करने के साथ ही उनके विधानसभा क्षेत्र के अन्य कई दावेदारों की मजबूती व कमजोरी को भी परखा जा रहा है।
समाजवादी पार्टी के थिंक टैंक ने 403 विधानसभा सीटों को कवर के लिए उत्तर प्रदेश को 18 जोन में बांटा है। इन जोन के सभी इनपुट जानने को पार्टी ने विधान परिषद सदस्यों को लगाया है। हर विधान परिषद को उसका जोन दे दिया गया है। उनको अपने जोन के विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी के संसदीय बोर्ड को रिपोर्ट देनी होगी। इनको सख्त निर्देश है कि उनके सभी दौरे गोपनीय हों।
विधान परिषद सदस्यों को क्षेत्र के हर वर्ग के संपर्क करने के निर्देश हैं। वह भी बिना अपना परिचय दिए। उनको जन भावना के साथ मतदाताओं की सोच की रिपोर्ट भी बनानी होगी। कम से कम चार दावेदार प्रत्याशियों के बारे में उनको एक विधानसभा से रिपोर्ट देनी होगी।
अगर किसी वर्तमान विधायक या मंत्री के बारे में क्षेत्र से खराब रिपोर्ट मिलती है तो भी पार्टी का संसदीय दल उसको बिना किसी विलंब के कुरबान करने को तैयार है। समाजवादी पार्टी का थिंक टैंक प्रदेश में सत्ता विरोधी लहर से काफी सहमा है।
समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव भी हर क्षेत्र का इनपुट लेने के साथ समय-समय पर विधायकों तथा पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक भी कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने बीते दिनों रात्रि भोज में जीतने वाले सभी विधायकों को उनका टिकट बरकरार रखने का आश्वासन भी दिया था। इसके बाद भी कई विधायक टिकट कटने की संभावना से काफी विचलित हैं।
Next Story