Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

अलीगढ विजिट शिवपाल की एक नज़र में ! बलवा कराना चाहती है भाजपा : शिवपाल

अलीगढ़ : भले ही अभी चुनावी बिगुल न बजा हो, मगर प्रदेश की सियासत गरमाने लगी है। रविवार को यहां आए लोक निर्माण, सिंचाई व जल संसाधन मंत्री शिवपाल सिंह यादव के तेवर कुछ यही संकेत दे रहे थे। डीएस कॉलेज से लेकर जिले की सीमा के अंतिम छोर सांकरा तक उनके निशाने पर भाजपा ही रही। कहा, भाजपा विधानसभा चुनाव में सियासी फायदे को देखते हुए प्रदेश में बलवा कराना चाहती है। चुनाव के समय वह हमेशा इसी फिराक में रहती है। मथुरा के जवाहर बाग कांड का ठीकरा भी उन्होंने केंद्र सरकार के सिर फोड़ा। कहा, वहां कई प्रांतों के लोग रह रहे थे, गृहमंत्री को भनक तक नहीं लगी। आइबी की रिपोर्ट भी देर से आई।

सांकरा में अतरौली विधायक वीरेश यादव की ओर से आयोजित जनसभा में तो चुनावी बयार के झोंके कुछ तेज ही दिखाई दिए। वीरेश यादव ने मंच से जो भी मांग की। लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने उन्हंे निराश नहीं किया। सब पर मुहर लगा दी। इसे देख सभा में पहुंची अपार भीड़ ने भी आशा जताई कि उनके दर्द को मंत्री जान रहे हैं। जनसभा में वीरेश यादव ने दादों-सांकरा मार्ग का जिक्र किया। कहा, मंत्री जी 10 किमी तक ये सड़क इतनी जर्जर है कि पैदल भी नहीं निकल सकते। सांकरा से रामघाट तक 14 किमी लंबी सड़क भी जर्जर हालत में है। यदि ये बन जाएं तो अतरौली क्षेत्र की काफी समस्याएं हल हो जाएंगी। मंत्री ने कहा कि उन्होंने सड़कों व पुलों के लिए जितना पैसा दिया है, उतना आज तक किसी सरकार ने नहीं दिया। दोनों सड़कों का जल्द निर्माण कराया जाएगा। इसके बाद तो चर्चाएं होने लगी कि मंत्री जी चुनाव नजदीक देख सब मांगों पर मुहर लगाते जा रहे हैं, जिससे जनता का झुकाव बना रहे। मंत्री की घोषणा के बाद जनता ने अभिवादन किया तो वीरेश यादव के चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई दे रही थी। जनसभा में भीड़ को देखकर भी वे गदगद थे। जनसभा में कोल विधायक जमीरउल्लाह भी गरजे। कहा, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के शासनकाल में विकास की गंगा बहने लगी है। मंत्री जी ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी है। सपा ही ऐसी पार्टी है, जो सभी को साथ लेकर चलती है। भाजपा की हकीकत किसी से छिपी नहीं है। सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने में हमेशा आगे रहती है। यहां कार्यक्रम में शहर विधायक जफर आलम व छर्रा विधायक राकेश कुमार सिंह नहीं पहुंच पाए।

मुख्यमंत्री से करेंगे विश्वविद्यालय की पैरवी




कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव छात्र-छात्रओं में अलीगढ़ को विश्वविद्यालय मिलने की आस भी जगा गए। उन्होंने छात्र-छात्रओं की विश्वविद्यालय की मांग को पूरा करने का वादा तो नहीं किया, भरोसा जरूर दे गए कि वे इस मामले में सपा के चारों विधायकों को साथ लेकर मुख्यमंत्री से बात करेंगे और विश्वविद्यालय के पैरवी करेंगे। डीएस कॉलेज में रालोद के बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह ने अपने भाषण में शिवपाल सिंह के कार्यो की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय का मुद्दा बड़े सलीके से उठाया। बताया कि विश्वविद्यालय की मांग को वे विधानसभा में मुख्यमंत्री के सामने भी उठा चुके हैं। याद दिलाया कि उस समय कैबिनेट मंत्री भी वहां मौजूद थे। शिवपाल सिंह से उन्होंने आग्रह किया कि वे दो शब्द विश्वविद्यालय के संबंध में भी बोलें। कैबिनेट मंत्री ने भी उनका पूरा मान रखा और कहा कि अलीगढ़ में विश्वविद्यालय जरूरी है, लेकिन यह काम मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हाथ में है। उन्होंने वादा किया कि वे सपा के सभी विधायकों के साथ मिलकर मुख्यमंत्री से विश्वविद्यालय की वकालत करेंगे। छात्र-छात्रओं के वकील बनकर ये मुद्दा अखिलेश यादव के समक्ष रखेंगे।
Next Story
Share it