Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

जवाहरबाग की घटना गृह मंत्रालय की विफलता -शिवपाल


लखनऊ : सपा प्रदेश प्रभारी व कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव ने आज केंद्र सरकार पर पलटवार किया। उन्होंने बेबाकी से कहा कि मथुरा मामले में गृह मंत्रालय ने सहयोग नहीं दिया। आइबी तक से कोई जानकारी नहीं दी गई। स्थानीय खुफिया एजेंसी से वहां महिलाओं-बच्चों के होने की स्थिति अनुसार कार्रवाई की गई। वाराणसी में १८२ करोड़ लागत की २५ सड़कों उद्घाटन-शिलान्यास और वरुणा कारीडोर का निरीक्षण करने आए शिवपाल मीडिया से मुखातिब थे। यूपी में कानून व्यवस्था के सवाल पर उन्होंने मध्य प्रदेश में व्यापमं घोटाला संग गोधरा, हरियाणा, छत्तीसगढ़ व झारखंड का हवाला दिया। कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटकों की बढ़ती संख्या व आय में वृद्धि गवाह है कि कानून व्यवस्था कहां खराब व ठीक है। सपा को गुंडों की पार्टी कहे जाने के मुद्दे पर खुद के साथ ही पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ई. अपराजिता, डा. सूबेदार सिंह व डा. बहादुर यादव को आगे कर उन्होंने खुद ही सवाल दाग दिया। भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा वह कानून व्यवस्था का राग अलापने की बजाय मात्र दंगा न कराने की कसम खाए।






ठीक था कौएद का विलय, मुख्तार का नाम जोड़ फैलाई गई गफलत कौएद विलय -वितंडा व फिर अलगाव के बाद भी शिवपाल अपने स्टैंड पर कायम दिखे और विलय को वाजिब ठहराया। कहा सपा प्रमुख की सहमति से विलय कराया गया था। उस दौरान ही स्पष्ट करने के बाद भी मुख्तार अंसारी का नाम लेकर गफलत फैलाई गई। इसके लिए उन्होंने मीडिया को जिम्मेदार ठहराया। हाल फिलहाल कौएद के तीखे तेवर पर शिवपाल ने कहा कोई भी पार्टी सपा को औकात बताने की स्थिति में नहीं, न ही सपा में कोई मनमुटाव है। इस बीच प्रो. रामगोपाल के जन्म दिन समारोह में पीछे स्थान मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा जहां स्थान मिला, वहां बैठ गया। इसे मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।



पांच हजार करोड़ दे केंद्र तो साफ करा देंगे गंगा



वरुणा कॉरीडोर की प्रगति से प्रफुल्लित शिवपाल ने मीडिया से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गंगा ही नहीं जनता को भी धोखा दिया। वहीं राममनोहर लोहिया के सिद्धांतों पर अमल करते हुए सपा पिछली सरकार के दौरान से ही बिना कोई वादा किए छोटी नदियों की सफाई में जुटी है। इसमें वरुणा -गोमती संग अयोध्या, वृंदावन, मैनपुरी में दो व इटावा की चार नदियां व बुंदेलखंड के सौ तालाब भी शामिल हैं। रही बात गंगा की तो कानपुर से आगे तक इसकी सफाई के लिए प्रदेश सरकार ने केंद्र से पांच करोड़ मांगे थे लेकिन इस पर अब तक चुप्पी है।



नीति आयोग से नहीं मिला कोई लाभ



शिवपाल ने कहा कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश के विकास में कोई सहयोग नहीं दे रही है। नीति आयोग बनाकर प्रधानमंत्री ने विकास कार्य ठप कर दिया। इसका अब तक प्रदेश को कोई लाभ नहीं मिला। पीएम व राजग सरकार चाहे जो कहे लेकिन वह खुद केंद्र व राज्यों के बीच बेहतर तालमेल नहीं चाहती है। उत्तर प्रदेश सरकार अपने बूते सूबे का विकास करा रही है और इसी मुद्दे पर हम जनता के बीच जाएंगे और फिर सरकार बनाएंगे।

Next Story
Share it