Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

सपा-बसपा के अंतर्कलह पर भाजपा की नजर

लखनऊ : भाजपा 2017 के विधानसभा चुनाव में अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए गोटियां बिछाने में जुट गयी है। पार्टी की निगाह सपा और बसपा के अंतर्कलह पर लगी है।

शनिवार को पार्टी मुख्यालय में इसका लाभ उठाने के लिए क्षेत्रीय रणनीतिकारों को नसीहत दी गयी। भविष्य में आयोजित कार्यक्रमों की सफलता के लिए जिम्मेदारी और जवाबदेही भी तय हुई।

प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य और संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने क्षेत्रीय अध्यक्ष और क्षेत्रीय संगठन मंत्रियों को सपा और बसपा के अंतर्कलह को देखते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने को कहा गया। यह बताया गया कि जनता इन दोनों दलों से ऊब चुकी है इसलिए व्यापक जनसंपर्क जरूरी है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के 27 जून को बाराबंकी के बूथ सम्मेलन और अन्य कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई।

भाजपा प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि अमित शाह 27 जून को सुबह पांच बजे ट्रेन से चारबाग पहुंचेंगे। वह सुबह पार्टी मुख्यालय आएंगे और वहां से 11.15 बजे राजकीय इंटर कालेज बाराबंकी के लिए प्रस्थान करेंगे। वह बाराबंकी में अवध क्षेत्र के 14 जिलों के बूथ सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

आज आपातकाल की याद दिलाएगी भाजपा : भाजपा ने आपातकाल पर प्रदेश व्यापी आयोजन किया है। इसके जरिए पार्टी कांग्रेस हुकूमत की तानाशाही और बर्बरता बयान करेगी। हरिश्वन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को पार्टी मुख्यालय पर आपातकाल के 41वीं वर्षगांठ पर सायं तीन बजे लोकतंत्र सेनानी समारोह का आयोजन होगा।
Next Story
Share it