Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

मथुरा वृन्दावन स्थित यमुना नदी के घाटों को चमकाने का बीड़ा उठाया अखिलेश सरकार ने

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में आज यहां सम्पन्न मंत्रिपरिषद की बैठक में मथुरा वृन्दावन स्थित यमुना नदी के घाटों के विस्तार, नवीनीकरण एवं सौन्दर्यीकरण की परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी गयी है। इस परियोजना पर आने वाले 177.81 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी अनुमोदित कर दिया गया है।

ज्ञातव्य है कि वृन्दावन में मंदिरों के दर्शन हेतु पूरे वर्ष श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहता है। यहां यमुना नदी के किनारे श्रद्धालुओं के स्नान करने हेतु एक मात्र पक्का केसीघाट जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। इस घाट के अपस्ट्रीम में 4 अन्य घाट-चीर घाट, बिहार घाट, जुगल घाट एवं भ्रमण घाट कच्चे हैं। यमुना नदी के दायें किनारे पर कोसी नाला व शहर की ओर से 5 गन्दे नाले नदी में मिलते हैं। इन नालों के पानी से घाटों के पास का पानी अत्यन्त दूषित रहता है। सभी नालों को टेप करके परिक्रमा मार्ग के साथ-साथ लगभग 2000 मीटर लम्बाई में इण्टरसेप्टिंग ड्रेन का निर्माण कर इस प्रदूषित पानी को केसी घाट के नीचे तक लाया जाएगा, जिससे शहरी क्षेत्रों में घाटों पर प्रदूषित जल न पहुंचे।

भविष्य में इस स्थल से पानी को द्वितीय चरण में एसटीपी तक जोड़ने का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। वृन्दावन स्थित केसी घाट व अन्य घाटों का 225 मीटर लम्बाई में पुनरोद्धार करते हुए 500 मीटर लम्बाई में नये घाटों को पक्का कराने एवं नदी के किनारे पर लैण्डस्केप तथा सौन्दर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा।
Next Story
Share it