Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

प्रदेश को चार वर्ष में चालीस वर्ष के विकास के रास्ते पर लाकर खड़ा किया : अखिलेश यादव


लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी को कठघरे में खड़ा किया है। अखिलेश यादव ने आज लखीमपुर खीरी जिले में करीब हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकापर्ण-शिलान्यास किया।



इसके बाद जीआईसी के ईएसआई मंच से जनसभा को संबोधिन किया। उनके निशाने पर भारतीय जनता पार्टी थी। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में आजकल भारतीय जनता पार्टी काफी सक्रिय है। यह पार्टी चुनाव नजदीक आते देख सक्रिय हो रही है। इसका बस एक काम है, प्रदेश में किसी भी तरह से माहौल को खराब करना। वह फिर से उत्तर प्रदेश का शांत माहौल बिगाडऩे में लग गये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी पार्टी तथा सरकार उत्तर प्रदेश में सिर्फ विकास की बात करते हैं। हमने प्रदेश को चार वर्ष में चालीस वर्ष के विकास के रास्ते पर लाकर खड़ा कर दिया है। अब इस विकास के रथ को तेजी से और आगे ले जाना है।



अखिलेश ने कहा कि प्रदेश में विरोध दल हमारी सरकार पर तमाम तरह से आरोप लगाकर हमको विकास के मार्ग से विचलित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हम उनके मंसूबे सफल नहीं होने देंगे। हम प्रदेश के विकास के साथ सभी की खुशहाली की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि लोग लाख प्रयास करें, लेकिन हम विकास तथा प्रदेश की खुशहाली पर लाने का अपना मार्ग नहीं छोड़ेंगे।



अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कैराना के मामले में घटिया राजनीति कर रही है। उन्होंने वहां से पलायन करने वालों की जो सूची जारी की है, वह फर्जी है। उन्होंने वहां पर बड़ी संख्या में मौजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को विपक्षी दलों से सर्तक रहने के साथ आगाह भी किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आ रहा है आप लोग सभी सियासी दांव पेंचो से सावधान रहें।



इससे पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखीमपुर-सीतापुर फोरलेन रोड का शिलान्यास करने के साथ अन्य कई योजनाओं का भी लोकार्पण किया। उनके साथ कारागार मंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया भी थे।

Next Story
Share it