Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

देश की जनता अभी नहीं भूली गुजरात का कत्लेआम : अखिलेश


लखनऊ : मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राज्यसभा व विधानसभा परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशियों जीत तय होने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा को अपनी चादर देखकर पांव फैलाना चाहिये था। उनका इशारा पर्याप्त वोट नहीं होने के बावजूद दो प्रत्याशी उतारने की ओर था।



सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि परिषद, राज्यसभा चुनाव पर आयोग की नजर है। चुनाव निष्पक्ष होंगे। सरकार खरीद-फरोख्त पर चौकन्नी है।

राज्य की कानून व्यवस्था उनके हवाले करने के भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया और देश की जनता गुजरात का कत्लेआम अभी भूली नहीं है, अभी जो भाजपा शासित राज्यों में हो रहा है, वह भी दुनिया देख रही है। समाजवादी सरकार कानून और न्यायप्रिय राज में भरोसा करती है। जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है, कब्जों की शिकायत सुनने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था की गयी है। अधिकारियों को भी ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की हिदायत दी गयी है।



अखिलेश यादव ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य में बड़े कार्य हो रहे हैं। मेट्रो चलने वाली है। कैंसर अस्पताल बन रहा है। समाजवादी पेंशन बंट रही है। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे शुरू होने वाला है। बड़ी संख्या में लोगों को नौकरियां मिलेंगी। इन्हीं कामों के बल समाजवादी सरकार दोबारा सत्ता में आयेगी।



मुस्लिम मुक्त भारत पर बोले



साध्वी प्राची के मुस्लिम मुक्त भारत अभियान को लेकर पूछे गये सवाल को सलीके से टालते हुए अखिलेश ने कहा कि वह तो गांधी के बुरा मत देखो, बुरा मत बोले और बुरा मत सोचो के मूल मंत्र पर यकीन करते हैं। सरकार ऐसी बातों का संज्ञान नहीं लेती है।






भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के कानून व्यवस्था से सम्बंधित एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यूपी की जनता अच्छी तरह से जानती है कि गुजरात में कानून व्यवस्था की क्या स्थिति रही है। जमीन कब्जे की शिकायत को लेकर जारी मेल आईडी के बाबत मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका कोई मतलब नहीं है। हम भी जल्दी ही वाट्सएप नंबर जारी करेंगे।






साध्वी प्राची के एक बयान पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी जी ने कहा था कि ना बुरा सुनो, ना बुरा कहो और ना ही बुरा देखो। उन्होंने कहा कि अपने शासनकाल में यूपी के लिए अधिक से अधिक बेहतर काम करने का प्रयास किया है। प्रदेश में विकास का माहौल बनाया। नतीजतन यहां निवेश और कारोबार बढ़ा है। सपा सरकार प्रदेश की जनता की आंख और कान बनकर काम रही है। उनकी सरकार सकारात्मक सोच के साथ प्रदेश के तरक्की के काम में लगी है।

Next Story
Share it