सीएम अखिलेश यादव ने महोबा में तालाबों का किया निरीक्षण
लखनऊ । मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज बुंदेलखड दौरे पर महोबा में तालाबों का निरक्षण किया। वह महोबा के चरखारी क्षेत्र में तालाबों के निरीक्षण पर थे।
इस अवसर पर उन्होंने कहा ïप्रदेश सरकार ने महोबा जिले में कभी सिंचाई व पेयजल के स्रोत रहे इन तालाबों को फिर से जीवित करने का फैसला किया है। इसी क्रम में यहां सौ से ज्यादा तालाबों के खुदाई का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि मैं यहां की जनता व सिंचाई अधिकारियों को उनके सहयोग और काम के लिए बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि हम बुंदेलखंड में सौ बड़े तालाब खुदवा रहे हैं। बुंदेलखंड में जल संकट नहीं होने देंगे। यहां के किसान ओलावृष्टि व सूखे से काफी परेशान हैं। हमारी सरकार ने उनकी मदद करने का काम किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में पानी बचाने की जरुरत है। हम बांध बनवा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि खेतों तक पानी पहुंचे। इसके लिए हम लगातार काम करेंगे। हमने अभी तक समाजवादी पेंशन से बुंदेलखंड की मदद की। अब पर्यावरण और नदियों को बचाने का काम हो रहा है। प्रदेश में एक दिन में पांच करोड़ पेड़ लगाने का रिकॉर्ड बनाएंगे।
इससे पहले मेला ग्राउंड में सिंचाई विभाग ने मुख्यमंत्री को बुंदेलखंड के सौ तालाबों को पुनर्जीवित करने का प्रजेंटेशन दिखाया। मुख्यमंत्री ने जिले के अधिकारियों के साथ खुदाई काम का निरिक्षण किया। इस दौरान जल पुरुष राजेन्द्र सिंह, महाधिवक्ता विजय बहादुर सिंह, प्रमुख सचिव सिंचाई दीपक सिंघल व प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल के साथ डीएम वीरेश्वर सिंह और एसपी गौरव सिंह सहित आला अधिकारी मौजूद थे।
महोबा के चरखारी में सिंचाई विभाग आठ तालाबों की खुदाई का काम काफी युद्धस्तर पर करा रहा है। इसका मकसद वर्षा के बाद जल संचयन का है। तालाबों को गहरा किया जा रहा है। इसका मानक एक मीटर से दो मीटर तक है।
Next Story