Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

अर्वे सर्वे सब बेकार, फिर बनेगी सपा की सरकार: अखिलेश

कौशांबी: मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया है कि इस बार फिर उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी। सर्वे चाहे जो भी हों सारे बेकार साबित होंगे। अखिलेश यादव शनिवार को कौशांबी दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने ये बात कही।


करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने आज यहां 163 करोड़ों की योजनाओं का लोकापर्ण करने के साथ ही 9.39 करोड़ की 9 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनता का प्यार देखते हुए हमको भरोसा है कि प्रदेश में एक बार फिर हमारी सरकार बनेगी। प्रदेश में फिलहाल तो नंबर दो तथा नंबर तीन के लिए लड़ाई हो रही है। भाजपा तथा बसपा इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा हमको तो किसी भी सर्वे पर भरोसा ही नहीं है। पिछली बार भी सर्वे कुछ और बता रहे थे, लेकिन हमने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि सर्वे चाहे जो हों, उत्तर प्रदेश में सरकार फिर सपा की बनेगी। यहां लड़ाई दूसरे और तीसरे नंबर के लिए होगी।


सभी सरकारों की तुलना में सपा सरकार ने किया ज्यादा काम

अखिलेश यादव ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी व केंद्र की सभी सरकारों की तुलना में हमने चार वर्ष में इतना काम किया है कि उत्तर प्रदेश 40 वर्ष के विकास मार्ग पर चल रहा है। हमने जो काम किया है वह किसी भी पार्टी के काम की तुलना में सबसे बेहतर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी दल सिर्फ कानून-व्यवस्था की बात करते हैं। उनको तो विकास का कोई भी काम नहीं दिखता है। आज भी सूबे के लोग हमीरपुर से कालपी तक 40 मिनट में पहुंच रहे हैं। हर जिले के मुख्यालय को फोर लेन सड़क से जोड़ा जा रहा है।


हर वर्ग के लिए काम कर रही सपा सरकार

सीएम ने कहा कि समाजवादी पेंशन योजना चलती रहेगी। आगे भी सरकार बनेगी और अब किसी भी गरीब घर की महिला पेंशन पाने से वंचित नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि विकास के मामले में विपक्ष के पास बहस का माद्दा नहीं। आप लोग ही बताओ दो वर्ष में केंद्र की मोदी सरकार ने क्या बदलाव किया है। सपा सरकार हर वर्ग के लिए काम कर रही है। बिना किसी भेदभाव के। पहली बार यूपी में जिला मुख्यालय फोर लेन सड़कें बनी हैं। इससे पहले उन्होंने कौशांबी जिले के के विकास के लिए हरसंभव पहल का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाई और कहा पिछले सरकारों से तुलना कर लीजिये सबसे जयादा काम सपा सरकार ने किया। हमसे ज्यादा विकास किसी सरकार ने नहीं किया।


बसपा सरकार को लिया आड़े हाथों

उन्होंने बसपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश की पिछली सरकार ने जनता के धन को पत्थरों में लगा दिया।


एक फोन पर लोगों के दरवाजे पर पहुंचेगी पुलिस

उन्होंने कहा समाजवादी एम्बुलेंस 108 व 102 के तर्ज पर पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 100 नम्बर जैसी सुविधाएं देने जा रही है। पुलिस सुरक्षा के लिए बेहतर काम किया है। जरूरत पडऩे पर डॉयल 100 घुमाओगे तो 10 मिनट में पुलिस दरवाजे पर पहुंचेगी।


यूपी को उपेक्षा की नजर से देश रही केंद्र सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को सबसे ज्यादा लोकसभा सीट देने वाला उत्तर प्रदेश को केंद्र सरकार उपेक्षा की नजर से देख रही है। अच्छे दिनों की बात करने वाले अब अपने वादों से मुकर गए हैं।


हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा यूपी

अमूल डेयरी, मदर डेयरी यूपी में आ रही है। यूपी में सबसे ज्यादा दुग्ध उत्पादन हो रहा। यूपी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। 55 लाख महिलाओं को समाजवादी पेंशन दे रहे हैं। सपा ने लैपटॉप, विद्याधन बांटा। यूपी की सड़क तथा एम्बुलेंस का मुकाबला नहीं है। हमने गरीबों को मुफ्त समाजवादी एम्बुलेंस सेवा दी।
Next Story
Share it