देश बदल रहा है आगे बढ़ रहा है : स्मृति ईरानी
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर आज केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी आज रायबरेली में थीं। संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में ईरानी ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।
रायबरेली के सलोन में मोदी सरकार के दो वर्ष पूरा होने पर आयोजित एक कार्यक्रम में ïकेंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने क्षेत्र की जनता का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि देश मोदी सरकार के कार्यकाल में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा विधवा महिलाओं की मदद करें। उनका आशीर्वाद मिला तो 2017 में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि मैं दो वर्ष के दौरान यहां पहुंची तो लोगों ने कहा कि पीने के पानी की व्यवस्था करा दें। इसके बाद केंद्र सरकार की मदद से 260 गांवों में हैण्डपम्प दिया है। अब कौशल विकास से युवा पीढ़ी को स्वालंबी बनाने के लिए सलोन में 624 लोग प्रशिक्षित हो रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन रायबरेली में हर विधान सभा में विधवा बहनों का अब पंजीकरण कराएगा। जिससे उनको पेंशन दिलाने का प्रयास किया जायेगा। इसके लिए मैं जिलाधिकारी से मिलूंगी।
स्मृति ईरानी ने कहा कि मुझे अमेठी में तीन लाख लोगों की सेवा करने का मौका मिला। यह मेरे लिए बेहद ही गौरवशाली क्षण है। मैं तो स्मृति ईरानी बनकर आई थी दीदी बन गयी हूं। इस अवसर पर स्मृति ईरानी ने सलोन में बस स्टेशन पर विश्राम स्थल का लोकार्पण भी किया।
अमेठी में चाय की दुकान पर बैठकर लोगों से मिलीं स्मृति ईरानी
रायबरेली के बाद स्मृति ईरानी कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंची। इस दौरान उन्होंने चाय की दुकान पर बैठकर लोगों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि दो वर्ष केंद्र में भाजपा सरकार ने बहुत काम किया। प्रधानमंत्री मोदी की अभी तक की जो भी योजनाएं है, सका जनता को लाभ मिल रहा है। हर सब्सिडी सीधे जनता के खाते में पहुंच रही है। इससे पहले अगर किसी सरकार ने इतना काम किया होता तो देश की स्थिति आज कुछ और होती। अब भाजपा सरकार ने दो साल में देश को विकास की पटरी पर ला दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे भरोसा है कि इस बार उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
Next Story