Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

कई छोड़ सकते हैं कांग्रेस सपा में शामिल होने की भी चर्चा, अमर सिंह निर्दलीय प्रत्याशी होंगे!

लखनऊ : कांग्रेस बुधवार को राज्यसभा और विधान परिषद के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की फेवरिट लिस्ट में इमरान मसूद और कपिल सिब्बल का नाम है। दावा किया जा रहा है कि विधान परिषद और राज्यसभा में कांग्रेस किसी ब्राह्मण फेस को नहीं भेजेगी। हालांकि यूपी कांग्रेस अध्यक्ष डॉ़ निर्मल खत्री, सिराज मेहंदी, संजय दीक्षित और राजेशपति त्रिपाठी के नामों की चर्चा जोरों पर है। मंगलवार शाम यूपी कांग्रेस अध्यक्ष डॉ़ निर्मल खत्री, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद लौटे।

सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी ने खत्री से यूपी की चुनावी स्थिति और दूसरे मसलों पर जानकारी मांगी। राज्यसभा के लिए फिलहाल तीन नामों की ज्यादा चर्चा है। कपिल सिब्बल, इमरान मसूद और यूपी कांग्रेस अध्यक्ष डॉ़ निर्मल खत्री। सिब्बल की दावेदारी मजबूत बताई जा रही है। वहीं विधान परिषद में जाने के लिए इमरान के अलावा सिराज मेहंदी, आरपी त्रिपाठी, संजय दीक्षित, अनुसुइया शर्मा और राजेशपति त्रिपाठी का नाम चर्चा में है। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश संगठन में कांग्रेस ब्राह्मण चेहरे को तरजीह देने जा रही है, लिहाजा एमएलसी और राज्यसभा के लिए गैर ब्राह्मण चेहरों पर दांव खेला जाएगा ताकि जातीय समीकरणों को बैलेंस किया जा सके। जानकारों के मुताबिक कांग्रेस एमएलसी और राज्यसभा में एक-एक सीट पर जीत सकती है, लिहाजा यहां इस बात का पूरा ख्याल रखा जाएगा कि जातीय समीकरणों को छेड़ा न जाए।

अमर सिंह निर्दलीय प्रत्याशी होंगे!

सपा की सूची में घोषित अमर सिंह अभी तक समाजवादी पार्टी के सदस्य नहीं बने हैं। अब उनका नामांकन किस रूप में होगा, इस बारे में भी संशय है। कहा जा रहा है कि अगर पार्टी में उन्हें शामिल नहीं किया गया तो वह निर्दलीय के रूप में पर्चा दाखिल कर सकते हैं।

राज्यसभा के लिए अखिलेश दास का नाम भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चर्चा में है।
कुछ कांग्रेस विधायकों के सपा में शामिल होने की भी चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि बुंदेलखंड हिस्से और पूर्वांचल के विधायक का नाम चर्चा में है। सूत्रों की मानें तो अगले महीने की शुरुआत में कुछ कांग्रेस का दामन छोड़ सकते हैं।
Next Story
Share it