हमारे विकास के काम पर कोई उंगली नहीं उठा पाएगा : अखिलेश
लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का दावा है कि उत्तर प्रदेश सरकार के विकास के काम पर कोई भी उंगली नहीं उठा सकेगा। मुख्यमंत्री ने आज बदायूं में तमाम योजना का लोकापर्ण व शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने बदायूं को दुनिया की ऐतिहासिक सरजमीं बताया। उन्होंने कहा कि बदायूं से दुनिया को संदेश मिला है। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से समाजवादी पार्टी ने चार वर्ष में चालीस वर्ष के विकास का काम किया है। हमने जनता को जो घोषणापत्र दिया था, उसको चार वर्ष में पूरा किया है। हमारी सरकार ने बहुत काम किया है। अगर आप हमको फिर मौका देंगे तो नया घोषणापत्र देंगे।
उन्होंने कहा कि आप विकास के मामले में किसी भी अन्य राज्य से तुलना कर लें। हमने बिजली उत्पादन, के साथ ही सड़कें तथा एंबुलेंस सेवा को लगातार बेहतर किया है। हमारे कार्यकर्ताओं ने हाई टेंपरेचर पर भी साइकिल चलाई। अब विकास पर अंगुली नहीं उठा पाए तो अनर्गल मुद्दे बनाए जाते हैं। हम जानते हैं कि यह सब साजिशें आगे भी होंगी। अखिलेश ने कहा कि जिस तरह एंबुलेंस ने भरोसा पैदा किया, पुलिस को भी वैसा ही बनाने जा रहे हैं, पुलिस भी ऐसे ही मदद को पहुंचेगी।
इसके बाद वह केंद्र सरकार पर बरसे। अखिलेश ने कहा कि अच्छे दिन वाले नहीं लौटे। हमारी सरकार में लखनऊ मेट्रो के साथ ही साथ आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे मिसाल हैं। हम पत्थर वाली सरकार नहीं हैं। हमने प्रदेश में वह माहौल बनाया है जिसको दुनिया देख रही है। समझ रही है। उन्होंने कहा कि बदायूं में मेडिकल कॉलेज की स्थापना से कायकल्प होगा। इसके साथ ही नई सड़क से मुख्यालय की दूरी कम हो गई है।
अखिलेश ने कहा कि हमने किसानों को सूखा राहत देने के साथ ही सिंचाई का बंदोबस्त किया। केंद्र भले ही मदद न दे हम करेंगे। हम तो गांवों में अब काफी बिजली दे रहे हैं। पेंशन बांट रहे हैं, भले ही यह पैसा बहुत नहीं लेकिन गरीब गांव की माता बहनों को राहत है। प्रदेश में कोई सपा पेंशन से अछूता नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा कि दो वर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्या किया है, यह सभी के सामने है। हम ई- रिक्शा मुफ्त में दे रहे हैं। नौकरी के अवसर दे रहे हैं। हमने 40 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती आसान करके कर दी। अब 35 हजार और करेंगे। इसके साथ ही अब बदायूं में एक पैरामेडिकल कॉलेज बनेगा। इसके साथ ही यहां पर बिजली के सब स्टेशन बनेंगे। किसानों के लिए काम करना है। इस बार वोटर की औसत उम्र 24 साल होगी। उन्होंने कहा कि गुन्नौर नेताजी वाला क्षेत्र है। हब वहां तक फोरलेन बनाएंगे। इसके साथ एक राजकीय इंटर कॉलेज तथा डिग्री कॉलेज बनेगा।
उन्होंने कहा हम प्रदेश में डिवाइडर पर हरियाली लाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। बिगड़े यूपी में पत्थर वाली सरकार के बैठे हाथी खड़े नहीं हुए, खड़े वाले बैठे नहीं। हमने लैपटॉप से दूध का इंतजाम किया। फर्जी डिजिटल इंडिया वगैरा नहीं किया।
Next Story