Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

पूर्वांचल की संस्कृति में बेहद अपनापन का भाव : डिम्पल यादव


लखनऊ। कन्नौज से समाजवादी पार्टी की सांसद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव पूर्वांचल की मुरीद हो गई है। गोरखपुर में आज उन्होंने समाजवादी चिंतक मोहन सिंह को समर्पित एक कार्यक्रम में अपना यह भाव प्रकट किया।



डिंपल यादव ने आज दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्विविद्यालय में समाजवादी चिंतक एवं पूर्व सांसद मोहन सिंह की स्मृति में पूर्वांचल संग्रहालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूर्वांचल की संस्कृति के साथ यहां के लोगों में बेहद अपनापन का भाव है। मैं यहां पहली बार आयी हूं, लेकिन लोगों का प्यार देखकर ऐसा नहीं लग रहा है कि यह मेरी पहली यात्रा है। उन्होंने मोहन सिंह के बारे में कहा कि वह महान समाजवादी नेता थे। उन्हें पूर्वांचल के विकास की हमेशा चिंता रहती थी। उनका कृतित्व सभी के लिए प्रेरणादायी है। उम्मीद है उनके नाम पर स्थापित संग्रहालय सभी के काम आएगा। यह समाजवादी विचारों को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगा।



इस समारोह में राज्यसभा सांसद तथा फिल्म अभिनेत्री जया बच्चन भी शामिल हुई। उन्होंने कहा कि मोहन सिंह के नाम पर बना यह संग्रहालय नई पीढी के काम आएगा। आज हमारे बीच मोहन सिंह नहीं हैं, लेकिन उनके विचारों से सीख लेनी होगी। उन्होंïने छात्र, नौजवानों एवं राजनीतिक क्षेत्र में काम कर रहे लोगों से भी आग्रह किया कि संग्रहालय से ज्ञान बढाने में मदद लें। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि एक बार मोहन सिंह की पुस्तक का विमोचन करने का अवसर मिला था। इस मौके पर मोहन सिंह की पुत्री एवं राज्यससभा सदस्यय कनकलता सिंह ने डिंपल यादव तथा जया बच्चन का स्वागत किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक कुमार ने की।

Next Story
Share it