Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

छेड़खानी करते हुए शोहदे को पकड़ा, जमकर धुना

गोमतीनगर में ताज होटल के सामने शुक्रवार को साइकिल से स्कूल जा रही 14 वर्षीय एक छात्रा से छेड़खानी कर रहे स्कूटी सवार शोहदे को वहां से गुजर रही महिला ने दबोच लिया। उसकी जमकर धुनाई की और इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

गोमतीनगर थाने में भी शोहदे को आक्रोशित महिलाओं ने जमकर पीटा। पुलिस ने छात्रा के पिता की ओर से शोहदे के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। एसओ गोमतीनगर सत्येंद्र कुमार राय के मुताबिक, पकड़े गए शोहदे का नाम मनीष श्रीवास्तव (28) है। वह 2/68 विराटखंड का निवासी है। मनीष श्रीवास्तव के पिता ओमप्रकाश श्रीवास्तव सिद्धार्थनगर में वकालत करते हैं। मनीष बीबीडी यूनिवर्सिटी में बीटेक का पूर्व छात्र है। वर्ष 2014 में उसे कॉलेज से निकाल दिया गया। आरोप है कि मनीष सिंचाई विभाग के बाबू की बेटी का पिछले एक सप्ताह से पीछा कर रहा था। गोमतीनगर के विकल्पखंड स्थित एक स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा का घर से निकलते समय ही स्कूटी सवार छात्रा का पीछा करना शुरू कर देता था। वह छात्रा से फोन नंबर देने को कहता था। कभी साथ चलने की बात करता था। उसे कई बार रास्ते में रोककर अश्लील हरकतें भी की। इससे छात्रा काफी डर-सहम गई थी।

शुक्रवार को छात्रा जैसे ही अपने स्कूल से घर जाने के लिए निकली शोहदा उसका पीछा करने लगा। रास्ते में ताज होटल के सामने स्कूटी सवार शोहदा छात्रा के साथ-साथ चल रहा था और उससे अपने साथ चलने की बात कर रहा था। कई बार उसने छात्रा का हाथ पकड़ने की कोशिश की। छेड़खानी होते देखकर वहां से गुजर रही एक महिला ने अपनी स्कूटी भी उनके पीछे लगा दी। इसके बाद शोहदा उन्हें देखकर स्कूटी भगा ले गया। महिला को छात्रा ने बताया कि शोहदा उसे एक सप्ताह से लगातार छेड़ रहा। मासूम छात्रा की आपबीती सुनकर महिला ने अपने साथी के संग शोहदे को दबोच लिया। इसके बाद महिला समेत अन्य राहगीरों ने उसको जमकर पीटा। मॉडर्न कंट्रोल रूम की टीम और गोमतीनगर थाने की पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई। इसके बाद महिलाएं थाने में भी पहुंच गईं और पुलिस कर्मियों के सामने ही शोहदे को जमकर पीटा, उसके बाल नोंचे और कपड़े फाड़ डाले। किसी तरह से उसे बचाया गया।

अपहरण की फिराक में था शोहदा
छात्रा ने बताया कि शोहदा उसका अपहरण करने की फिराक में था। दरअसल आज से स्कूल उसके स्कूल बंद होने वाले थे, यह बात जानकर शोहदा मनीष श्रीवास्तव शुक्रवार को उसका अपहरण करने की नीयत से ही आया था। वह लगातार लड़की को साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। इससे बच्ची और डर सहम गई थी।

डरती थी मम्मी-पापा को बताएंगे तो वो डांटेंगे
मासूम बच्ची पिछले एक सप्ताह से लगातार छेड़खानी की शिकार हो रही थी। इस बीच न तो उसने अपने मां-बाप से इसका जिक्र किया और न ही स्कूल में टीचरों से मदद मांगी। बच्ची ने पुलिस को बताया कि वह डरती थी कि मां-बाप को यह बात पता चलेगी तो वह भी उसे डांट लगाएंगे। इसी वजह से उसने कुछ नहीं बताया।
Next Story
Share it