Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

जन समस्याओं का निस्तारण न करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही -शिवपाल

लखनऊ. प्रदेश के लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनता की जमीन से जुडे़ विवादों, जन समस्याओं एवं लड़ाई-झगडे़ से सम्बन्धित विवादों को तत्काल निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि जनता को किसी भी समस्या के लिए इधर-उधर भटकना न पडे़। श्री यादव ने कहा कि जनता की समस्या को सुनकर सम्बन्धित अधिकारी तत्काल उसके समाधान के लिए निर्देश दें।

श्री यादव आज लखनऊ, समाजवादी पार्टी मुख्यालय के प्रांगण में प्रदेश के दूर-दराज इलाकों से आई हुई जनता की समस्याओं को सुन रहे थे। उन्होंने जनता दर्शन में आये हुए आम जन की समस्याओं को गम्भीरता से सुना तथा मौके पर ही सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। श्री यादव ने आये हुए फरियादी की कानून व्यवस्था से सम्बन्धित शिकायत पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि अपराधी व्यक्ति के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करके कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करें।

श्री यादव ने कहा कि कानून व्यवस्था से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने कहा कि अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बक्शा न जाये। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को परेशान न किया जाये तथा अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे प्रतिदिन एक निश्चित समय पर कार्यालय में बैठकर जनता की समस्या को सुनकर तत्काल निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि उ.प्र. सरकार जनता के हितों के प्रति संवेदनशील है इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जायेगी। श्री यादव ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार जनता की सभी प्रकार मदद करने के लिए सदैव तत्पर रहती है यदि इसमे किसी भी प्रकार की लापरवाही किसी स्तर से होती है तो निश्चित ही उसके विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी।
Next Story
Share it