Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

शिवपाल की नई-नवेली बहू मैनपुरी से विधानसभा चुनाव लड़ सकती है






डिंपल और अपर्णा के बाद राजलक्ष्मी यादव परिवार की तीसरी बहू होंगी जो राजनीति में एंट्री कर सकती हैं। ऐसी खबर आ रही है कि मुलायम के घर की नई 'लक्ष्मी' राजलक्ष्मी भी चुनावी समर में उतरने वाली है। राजलक्ष्मी मैनपुरी की सदर सीट से सपा प्रत्याशी होंगी। यहां ये जानना भी जरूरी है कि अपर्णा को भी यादव परिवार ने चुनाव लड़ाने का फैसला कर लिया है। अपर्णा लखनऊ कैंट विधानसभा से चुनाव लड़ेंगी।आपको बता दें कि राजलक्ष्मी की शादी मार्च में ही मुलायम के छोटे भाई शिवपाल के बेटे आदित्य से हुई थी। हालांकि यहां यह भी बताना जरूरी है कि राजलक्ष्मी भी राजनीतिक परिवार से ही हैं। राजलक्ष्मी का मायका भी पूरी तरह से राजनीति से जुड़ा रहा है और एक समय यूपी के बड़े राजनीतिक परिवारों में से एक रहा है।

ऐसा लगता है कि मुलायम सिंह राजनीति से रिटायर होने से पहले अपने पूरे परिवार को राजनीति में सेट कर देना चाहते हैं। तभी तो जहां एक तरफ वो अपनी छोटी बहू अपर्णा को लखनऊ कैंट से आने वाले विधानसभा चुनाव में उतारने का फैसला कर चुके हैं तो वहीं दूसरी तरफ मुलायम के घर की नई ‘लक्ष्मी’ की भी चुनावी समर में उतरने की खबरें आ रही हैं। बताया जा रहा है कि राजलक्ष्मी मैनपुरी की सदर सीट से सपा प्रत्याशी होंगी।

समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। मैनपुरी की चारों सीटें सपा के पास हैं। किसी भी सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है। पार्टीजन यह पूछ रहे हैं कि मैनपुरी से सपा किसे प्रत्याशी घोषित करेगी।

मैनपुरी जनपद में चारों सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर राजनीतिक बाजार उफान पर है। चारों तरफ प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। सबसे ज्यादा चर्चा मैनपुरी सदर सीट को लेकर हो रही है। सूत्रों का कहना है कि मैनपुरी सदर सीट पर इस बार सपा के कद्दावर लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव की पत्नी राजलक्ष्मी को टिकट मिल सकता है।

यह भी कहा जा रहा है कि इस बार मैनपुरी सदर सीट से स्वयं शिवपाल यादव भी चुनाव लड़ सकते हैं। कुछ पार्टी पदाधिकारियों की मानें तो सपा एक बार फिर सदर सीट से विधायक राजकुमार उर्फ़ राजू यादव पर ही भरोसा जताएगी।

मैनपुरी जनपद में विधानसभा की चार सीटें हैं। करहल, भोगांव, किशनी, मैनपुरी सदर। सदर सीट से राजकुमार उर्फ़ राजू यादव, करहल से सोबरन सिंह यादव, किशनी से ब्रजेश कठेरिया और भोगांव से लगातार चौथी बार विधायक आलोक शाक्य हैं।



Next Story
Share it