Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

अयोध्या में सरयू ने धरा रौद्र रूप

अयोध्या में सरयू ने धरा रौद्र रूप
X
अयोध्या - शनिवार की शाम सरयू का तेवर रौद्र हो उठा। सुबह से ही सरयू का तेवर बदला नजर आने लगा। केंद्रीय जल आयोग के स्थानीय कार्यालय के अनुसार सुबह आठ बजे से जलस्तर में आधा सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से वृद्धि शुरू हुई। दोपहर तक जलस्तर 92.660 मीटर दर्ज किया गया। एक बजे से चार बजे तक जलस्तर में एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि हुई और इसके बाद सरयू दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से बढ़ीं।
शाम पांच से छह बजे के बीच जलस्तर लाल निशान पार करते हुए 92.740 मीटर तक जा पहुंचा। आने वाले दिनो में सरयू का तेवर और हाहाकारी होने की आशंका है। प्रशासन ने बाढ़ से निपटने के लिए एलर्ट जारी किया है। बाढ़ कार्य खंड का अमला राहत कार्य में जुटा हुआ है। रुदौली तहसील के बाढ़ग्रस्त ग्राम महंगूपुरवा, कैथी एवं कैथी मांझा में कटान रोकने के लिए रोड़े भरी नायलान की बोरियों को शिफ्ट करने का काम शनिवार को भी जारी रहा।
बाढ़ ग्रस्त महंगू पुरवा व कैथी गांव कटान के साथ बाढ़ की चपेट में भी आ गए हैं। गांव से जुड़े कुछ मार्गों से संपर्क टूट चुका है। बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इसलिए बाढ़ कार्य खंड का अमला मोर्चे पर मुस्तैद है। जिन स्थानों पर कटान हो रही है, वहां बांस के खांचे में नायलान की बोरी में रोड़ा भरकर नदी के मुहाने पर शिफ्ट करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
Next Story
Share it