Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

फिरोजाबाद के उद्योगपति संजीव गुप्ता का अपहरण

फिरोजाबाद के उद्योगपति संजीव गुप्ता का अपहरण
X
सुहागनगरी के एक युवा उद्योगपति अचानक घर लौटते समय गायब हो गए। उनके मोबाइल बंद जा रहे हैं और वहीं किसी दोस्त और परिचित से भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। उनकी पत्नी ने अपहरण की आशंका जताई है और थाना टूंडला में इसकी तहरीर दे दी है।
फिरोजाबाद में बीसी का कारोबार चलाने वाले और सागर रत्ना, एडिफाई वर्ल्ड स्कूल समेत कई नामचीन संस्थाओं के पार्टनर संजीव गुप्ता सोनी (45) पुत्र शांति स्वरूप गुप्ता निवासी आर्चिड ग्रीन राजा का ताल शनिवार की शाम साढ़े पांच बजे अपने सागर रत्ना होटल से घर के लिए निकले थे। थोड़ी देर बाद उनकी पत्नी सारिका गुप्ता ने उनके मोबाइल पर फोन मिलाया क्योंकि सागर रत्ना से उनके घर की दूरी मात्र दो किलोमीटर से भी कम है और चंद मिनटों में ही वे अपनी कार सेंटा फी से पहुंच जाते थे।
शनिवार की शाम पत्नी के फोन मिलाने पर जब उनके सभी मोबाइल नम्बर स्विच आफ जाने लगा तो चिंता बढ़ गई। उन्होंने सागर रत्ना के कर्मचारियों से फिर पूछा कि संजीव गुप्ता कितने बजे निकले थे। करीब एक घंटे से ज्यादा समय में भी वे नहीं पहुंचे तो मामले से सारिका ने परिजनों और संजीव के दोस्तों को अवगत कराया। तत्काल मामला एसएसपी फिरोजाबाद अजय कुमार तक पहुंचा तो उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए उद्योगपति के अपहरण की आशंका को लेकर पुलिस की टीमें लगा दी हैं।
वहीं परिजनों की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। संजीव के अचानक गायब होने से उद्योगपतियों से लेकर व्यापारियों और उनके जानने वालों में हड़कंप मच गया है। उनके आवास पर देर रात विभिन्न राजनैतिक दलों के नेताओं, उद्योगपतियों का तांता लगा हुआ है।
Next Story
Share it