Home > राज्य > उत्तर प्रदेश > प्रदेश में सड़क, खेत और घर के भीतर तक महिलाएं यौन हिंसा का शिकार हो रहीं
प्रदेश में सड़क, खेत और घर के भीतर तक महिलाएं यौन हिंसा का शिकार हो रहीं
BY Suryakant Pathak13 July 2017 1:07 PM GMT

X
Suryakant Pathak13 July 2017 1:07 PM GMT
लखनऊ - प्रदेश में सड़क, खेत और घर के भीतर तक महिलाएं यौन हिंसा का शिकार हो रहीं हैं। श्रावस्ती में सात वर्षीय दिव्यांग बालिका को गन्ने के खेत में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। सीतापुर में घर में सो रही किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास हुआ। सीतापुर की ही एक अन्य छेड़छाड़ पीडि़त की कोई सुनने वाला नहीं है। शाहजहांपुर में घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट का माला सामने आया। अंबेडकरनगर में रिश्तेदारी में गई महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एक आरोपी के विरुद्ध मुकदमा लिखा।
सात वर्षीय दिव्यांग बालिका से दुष्कर्म
श्रावस्ती के इकौना क्षेत्र के एक गांव में सात वर्षीय जुबान से दिव्यांग बालिका को गन्ने के खेत में ले जाकर पड़ोसी किशोर ने दुष्कर्म किया। युवक खून से लतपत बालिका को खेत में छोड़ कर फरार हो गया। देर तक बालिका के वापस न लौटने पर घरवालों ने उसकी खोजबीन शुरू की तो वह गन्ने के खेत में पड़ी मिली। पीडि़ता की मां की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बालिका को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिनगा भेजा गया है। गांव के पूजाराम पर आरोप है कि युवक सात वर्षीय बालिका को बहला-फुसलाकर गन्ने के खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद भाग गया। पुलिस अधीक्षक विजय ढुलपे बताया कि गांव के बाहर छिपे आरोपी को जेल भेज दिया गया।
छेड़छाड़ के आरोपी को भेजा जेल
शाहजहांपुर के पुवायां में घर में घुस कर छेड़छाड़ और मारपीट करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। नगर के एक मुहल्ले में रहने वाली महिला से गांव बितौनी निवासी राहुल ने घर में घुसकर छेड़छाड़ व मारपीट की थी। महिला ने मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
छेड़छाड़ के आरोपी पर कार्रवाई नहीं
सीतापुर के हरगांव क्षेत्र में किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी पर कार्रवाई न होने से आहत पीडि़त परिवार ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। किशोरी के भाई ने एसपी को भेजे गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि बीती 21 जून की शाम उसकी 14 वर्षीय बहन के साथ गांव के ही अजय पुत्र मन्नूलाल ने छेड़छाड़ की थी। इसके संबंध में हरगांव थाने में पुलिस ने अजय के विरुद्ध छेड़छाड़ व पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। लेकिन नामजद आरोपी को अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। पीडि़त का कहना है कि गिरफ्तारी न होने के चलते आरोपी लगातार जान-माल की धमकियां दे रहे हैं। पीडि़त ने एसपी से मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
सो रही किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास
सीतापुर के लहरपुर कोतवाली इलाके में दीवार फांदकर घर में घुसे युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी की चीख पुकार सुनकर जागे घर के लोगों ने आरोपी युवक को पकड़कर पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में पुलिस ने किशोरी के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है। लहरपुर कस्बे के एक घर में अकरम पुत्र मुन्ना निवासी नई बस्ती दीवार फांद कर घुस गया। युवक ने गहरी नींद सो रही एक 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास शुरू कर दिया। किशोरी के शोर मचाए जाने पर परिवार के लोग जाग गए। परिवार के लोगों के जागने पर आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म का प्रयास, पॉस्को एक्ट व अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी अकरम को जेल भेज दिया है।
सामूहिक दुष्कर्म में एक आरोपी पर मुकदमा
अंबेडकरनगर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म पीडि़ता की तहरीर पर एक आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पीडि़ता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। अंबेडकरनगर के जहांगीरगंज क्षेत्र की युवती पड़ोसी गांव के रिश्तेदार पर अपने दो अन्य साथियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। उसका अपहरण कर बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। पीडि़ता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को आप बीती बताया। उसके बाद पीडि़ता ने आरोपियों के विरुद्ध तहरीर दिया लेकिन पुलिस ने पहले जांच की बात कहकर मुकदमा दर्ज नहीं किया। बाद में पुलिस ने मुख्य आरोपी विनोद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। गौरतलब है कि तहरीर में पीडि़ता ने मुख्य आरोपी विनोद के साथ ही उसके दो अन्य अज्ञात साथियों का घटना में शामिल होने का जिक्र किया था। बावजूद उसके पुलिस ने महज विनोद के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया। पुलिस ने कहा कि शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Next Story