Janta Ki Awaz
उत्तर प्रदेश

योगी सरकार यूपी पुलिस में भर्ती करेगी डेढ़ लाख सिपाही

योगी सरकार यूपी पुलिस में भर्ती करेगी डेढ़ लाख सिपाही
X
लखनऊ- पुलिसकर्मियों के आवास के लिए पहले चरण में 800 आरक्षियों, मुख्य आरक्षियों, उपनिरीक्षकों एवं निरीक्षकों के लिए श्रेणी-ए एवं बी की 800 यूनिट्स का निर्माण किया जाएगा। इस वित्तीय वर्ष में 33 हजार 200 पुलिसकर्मियों की भर्ती होगी, जिनमें 30 हजार सिपाही और 3200 दारोगा होंगे। पांच साल के अंदर डेढ़ लाख सिपाही भर्ती होंगे। कानून व्यवस्था सुधारने को प्रयासरत योगी सरकार ने पहले बजट में यूपी पुलिस में सिपाही, दारोगा की भर्ती पर जोर दिया है। डेढ़ लाख सिपाही भर्ती होगी, प्रत्येक 30 हजार सिपाहियों की भर्ती के जरिये पांच साल में यह लक्ष्य पूरा होगा। इस वर्ष 3200 दारोगा भी भर्ती होंगे। थाना से डीजीपी मुख्यालय तक सीसीटीवी से लैस होगा, जिसे पुलिस को जवाबदेह बनाने की दिशा में उठाया कदम माना जा रहा है।
प्रदेश सरकार ने भाजपा के संंकल्प पत्र में किए गए वादे के मुताबिक ही डेढ़ लाख पुलिस कर्मियों की भर्ती का उल्लेख वर्ष 2017-18 के बजट में किया है। बजट में पुलिस की विवेचना की गुणवत्ता सुधारने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं को आधुनिक बनाने के लिए 10 करोड़ का इंतजाम किया गया है। कारागार के भोजनालयों (पाकशाला) को आधुनिक बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। इस मद में पांच करोड़ आवंटित किए गए हैं। पुलिस के लिए आवंटित बजट से साफ है कि सरकार फिलहाल पुलिस बल की तादाद बढ़ाने व थानों को जवाबदेह बनाने पर फोकस कर रही है। थानों से लेकर डीजीपी मुख्यालय को सीसीटीवी से लैस करना इसी दिशा में कदम है।
सीसीटीवी के लिए 2137.81 लाख
थाने, एसएसपी कार्यालय, जोन, रेंज, एसपी रेलवे, जीआरपी मुख्यालय, डीजीपी मुख्यालय, तकनीकी सेवाएं मुख्यालय में सीसीटीवी व डेटा सेंटर के लिए सरकार ने 2137.81 लाख रुपये का इंतजाम किया है। यह कार्य इसी वित्तीय वर्ष में पूरा किया जाना है।
विधि विज्ञान प्रयोगशाला के लिए 10 करोड़
अपराध नियंत्रण व तफ्तीश की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला को और उच्चीकृत करने का फैसला लिया गया है। इसके लिए सरकार ने बजट में 10 करोड़ रुपये का इंतजाम किया है।
पुलिस का बजट : एक नजर
-पुलिस के रिकार्डों का डिजिटाइजेशन के लिए 6 करोड़ का इंतजाम किया गया है। इससे रेंज, जोन व अन्य संगठनों के रिकार्ड का डिजिटाइजेशन किया जाएगा।
- उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा कोष के मद के लिए 24 करोड़ रुपये का इंतजाम किया गया है।
- उन्नाव जिले की बेहटा मुजावर पुलिस चौकी को थाने में तब्दील होगी। इसके लिए 20 लाख का इंतजाम किया गया है।
- महिला सुरक्षा के लिए डायल-181 हेल्पलाइन के छह सीटर कॉल सेंटर को 30 सेंटर में तब्दील किया गया, जिसे और आधुनिक बनाया जाएगा।
- महिला सशक्तीकरण मिशन के अंतर्गत 64 जिलों में रेस्क्यू वैन की सुविधा, ये वैन जीपीएस (ग्लोबल पोजीशनिंग सिस्टम) से लैस होंगी।
कारागार बजट : एक नजर
-जेलों की सुरक्षा और मजबूत करने के लिए प्रत्येक जिला कारागार में दो-दो डीप सर्च मेटल डिटेक्टर लगाया जाएगा। इसके लिए 2.04 करोड़ का इंतजाम किया गया है।
-संपूर्णानंद कारागार प्रशिक्षण संस्थान में कर्मचारियों, अधिकारियों को प्रशिक्षित करने का इंतजाम।
-जेल में आग से बचाव के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए 1.78 लाख रुपये का इंतजाम।
-जिला कारागार के पाकशाला (एक तरह की रसोई) को आधुनिक बनाया जाएगा। पाकशाला के अंदर का धुंआ गर्मी को बाहर करने के लिए चिमनी लगाने के लिए पांच करोड़ का इंतजाम किया गया है।
-जिला कारागार कासगंज के लिए एक बंद जीप, एक एंबुलेंस दो मोटरसाइकिल खरीदने के लिए 20 लाख रुपये का इंतजाम किया गया है।
Next Story
Share it