Janta Ki Awaz
राष्ट्रीय

जरा याद करो कुर्बानी : आज शहीद चंद्रशेखर आजाद के गांव जाएंगे पीएम मोदी

जरा याद करो कुर्बानी : आज शहीद चंद्रशेखर आजाद के गांव जाएंगे पीएम मोदी
X
नई दिल्ली : पीएम नरेंद्र मोदी आज कुछ घंटे के लिए मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे। इस मौके पर वो शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाभरा (अलीराजपुर) से 'जरा याद करो कुर्बानी' कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। साथ ही वो एक रैली को भी संबोधित करेंगे। कहा ये भी जा रहा है कि अगर इस इलाके में बारीश हो जाती है तो पीएम का ये दौरा टल भी सकता है।
घोषित कार्यक्रम के मुताबिक पीएम मोदी करीब 4 घंटे मध्य प्रदेश में रहेंगे। वह मंगलवार को करीब 12 बजे दिल्ली से इंदौर पहुंचेंगे। इंदौर में दोपहर का भोजन करेंगे। उसके बाद वह अलीराजपुर जिले के भाभरा कस्बे में जाएंगे। वहां चंद्रशेखर आजाद के जीवन से जुड़ी एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद एक रैली को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद पीएम वापस दिल्ली लौट जाएंगे।
बीजेपी की तिरंगा यात्रा
नरेन्द्र मोदी सरकार और बीजेपी देश भर में तिरंगा यात्राएं निकालने की तैयारी में है। इसके अलावा पार्टी और सरकार ने तय किया है कि उसके 75 मंत्री देश के अलग-अलग हिस्सों में आजादी के वीरों के स्मारकों और उनकी जन्मस्थली पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसकी शुरुआत नौ अगस्त को सुबह पूरे देश में बीजेपी युवा मोर्चा की प्रभात फेरियों से होगी। मंगलवार को मध्य प्रदेश में चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली पर पीएम मोदी के श्रद्धांजलि देने के बाद 12 अगस्त से अन्य मंत्रियों का दौरा शुरू होगा।
इसके लिए एक बड़ा कार्यक्रम तय किया गया है। यह यात्रा शहरो, कस्बों और गांवों में एक साथ निकाली जाएगी। इसमें पार्टी के सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके लिए प्रदेश बीजेपी ने बड़े पैमाने पर तैयारियां की हैं।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू और बीजेपी महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि आजादी की 70वीं वर्षगांठ और भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर बड़े आयोजन होंगे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पहली बार प्रधानमंत्री इसकी मध्य प्रदेश से शुरुआत करेंगे। फिलहाल केंद्र के 75 मंत्रियों को देश भर में डेढ़ सौ जगहों पर जाने के लिए कहा गया है, जहां या तो शहीदों के स्मारक हैं या उनकी जन्मस्थली है।
नायडू ने बताया कि इसके अलावा 15 से 22 अगस्त तक देश भर में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। इसकी जिम्मेदारी BJP संगठन को दी गई है। हर राज्य में बूथ व मंडल स्तर तक सात दिन तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी ताकि देश भर में देशभक्ति का माहौल बने। इन यात्राओं में निगम पार्षद से लेकर सांसद और मंत्री के अलावा संगठन के सभी स्तर के पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे। इसके लिए आशा भोंसले केंद्रीय मंत्री किरिन रिजिजू के साथ कुछ कार्यक्रमों में जाएंगी।
इसके अलावा कुछ गायक और खिलाड़ी भी इन कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। गृहमंत्री राजनाथ सिंह झारखंड जाएंगे, जबकि अरुण जेटली जलियांवाला बाग में हिस्सा लेंगे। अमित शाह 13 अगस्त को काकोरी में सभा करेंगे।
महिला मंत्री राखियां बांधेंगी
अरुण सिंह ने बताया कि महिला मंत्रियों को भी इस कार्यक्रम में शामिल किया गया है। महिला मंत्री बॉर्डर एरिया में जाकर वहां सैनिकों को राखी बांधेंगी।
Next Story
Share it