Janta Ki Awaz
राष्ट्रीय

मिडल क्लास की पहली पसंद मोदी, राहुल से आगे जेटली : सर्वे

नई दिल्ली। दुनियाभर में अपनी लोकप्रियता का डंका बजा चुके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के शहरी वेतनभोगी मध्यम वर्ग की पहली पसंद हैं। पिछले दिनों सऊदी अरब के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाज गए मोदी के बारे में ये बात इकनॉमिक टाइम्स और TNS के सर्वे में सामने आई है।

इस सर्वे में मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार का कामकाज भी लोगों ने सराहा है। देश के सात शहरों में किए गए इस सर्वे के मुताबिक पीएम मोदी के कामकाज से लोग काफी खुश हैं।

इकनॉमिक टाइम्स व TNS के इस सर्वे में कई चौंकाने वाले तथ्य भी सामने आए हैं। लोगों ने जेएनयू से उपजे राष्ट्रवाद और देशद्रोह के मुद्दे को विवादित मोड़ देने के लिए कांग्रेस को कसूरवार ठहराया है। 46 प्रतिशत लोगों ने कहा कि इस मुद्दे को इतना जोर से उठाकर विवादित बनाने में कांग्रेस की गलती थी, जबकि 52 प्रतिशत का मत है कि बीजेपी सरकार ने इस मुद्दे को सही तरीके से उठाया।

सर्वे में 86 फीसदी लोगों ने आर्थिक मोर्चे पर मोदी सरकार के कामकाज की प्रशंसा की है, जबकि 62 फीसदी लोगों ने रोजगार बढ़ोतरी के मामले में भी सरकार को सही ठहराया है। 52 फीसदी का मानना है 'अच्छे दिन आएंगे।' ये सर्वे दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरू, अहमदाबाद और हैदराबाद में किया गया, जिसमें दो हजार से ज्यादा लोगों के सैंपल लिए गए। सर्वे में शामिल लोगों में आधे से ज्यादा महिलाएं शामिल थीं।

मोदी की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि सर्वे में लोगों ने इन्हें 10 में से 7.68 अंक दिए हैं, जबकि राहुल गांधी को 3.61 प्रतिशत और अरुण जेटली को 5.86 अंक देकर राहुल गांधी से आगे खड़ा कर दिया है। 41 प्रतिशत लोगों ने मोदी को 9 रेटिंग दी है।

संसद में गतिरोध व हंगामे के लिए 66 प्रतिशत लोगों ने कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं केन्द्र सरकार की योजनाओं की लोगों ने जमकर प्रशंसा की है। स्वच्छ भारत अभियान को 76 प्रतिशत, डिजिटल इंडिया व स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को 55-55 प्रतिशत व मेक इन इंडिया को 65 प्रतिशत लोगों ने समर्थन दिया है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों पीएम मोदी ने एससी, एसटी व महिलाओं को बिजनेस में मदद करने के लिए 'स्टैंड-अप इंडिया' योजना लांच की थी।
Next Story
Share it