आग लगने से गेहूं की 102 बीघा फसल जलकर हुई खाक, राजस्व टीम ने नुकसान का किया सर्वे

Update: 2024-04-22 06:29 GMT

कन्नौज -इंदरगढ़। गेहूं की पकी खड़ी फसल में किसी तरह से आग लग गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो । आग की चपेट में पूर्व विधायक समेत 21 किसानों की 102 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। इसमें राजस्व टीम ने सर्वे कर छह लाख, सात हजार रुपये का नुकसान होने की बात कही है।

हसेरन के सकतपुर, बनगवां गांव में सैकड़ों बीघा खेत में गेहूं की पकी फसल खड़ी थी। खेत बराबर पर हैं। रविवार दोपहर को खेत में किसी तरह से आग लग गई। इससे आग की लपटें हवा के साथ तेजी से आगे बढ़ने लगी। आग की लपटों को देख आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई।

21 किसानों की 102 बीघा फसल जलकर हुई खाक

किसानों ने फसलों को बचाने के लिए कई प्रयास किए। करीब दो घंटे तक आग नहीं थमी। दमकल की गाड़ी पहुंचने से आग पर काबू पाया जा सका। तब तक आग की चपेट में 21 किसानों की 102 बीघा फसल जलकर खाक हो गई। जिसमें पूर्व विधायक अरविंद प्रताप सिंह की भी फसल जलकर नष्ट हो गई है।

नायब तहसीलदार अमित पाठक, राजस्व निरीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह, लेखपाल राकेश वर्मा, अवध नारायण पांडेय ने सर्वे किया। जिसमें छह लाख, सात हजार रुपये का नुकसान होने का आंकलन किया गया। रिपोर्ट बनाकर तहसील प्रशासन को दे दी गई। तहसीलदार अविनाश कुमार ने बताया कि पीड़ित किसानों को जल्द ही मुआवजा दिलाया जाएगा।

इन किसानों की जली है फसल

सुखसेनपुर गांव के गजेंद्र सिंह, मंगदपुर्वा गांव के सुखेंद्र, सुखसेनपुर गांव के प्रदीप, दीपक, मीरा देवी पत्नी रामनरेश, चंद्र प्रकाश, उमेश चंद्र, अनिल कुमार, वीरेश्वर सिंह, ओमवती पत्नी जितेंद्र सिंह, अरविंद प्रताप सिंह पूर्व विधायक, नागेंद्र, प्रमोद, सतेंद्र बाबू, दिनेश, रवि प्रताप, राजपाल, जालिम, रुकमणि पत्नी मोहन व अरिदमन सिंह।

Similar News