प्रियंका के हाथ में अमेठी-रायबरेली की कमान, क्या अमेठी में भाई की हार का लेंगी बदला?

Update: 2024-05-05 01:33 GMT

लखनऊ। राहुल गांधी को रायबरेली से चुनावी मैदान में उतारने के बाद कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है। प्रियंका गांधी को रायबरेली व अमेठी के चुनाव प्रचार की कमान सौंपी गई है। वहीं, राहुल व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की संयुक्त जनसभाएं 10 मई से रखी गई हैं।

 

उप्र में चुनाव के प्रचार के लिए कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व सचिव पायलट के अलावा सोनिया गांधी के कार्यक्रम भी तय किए जा रहे हैं। रविवार को सचिन पायलट फतेहपुर सीकरी में कांग्रेस का प्रचार करेंगे।

16 सीटों पर मतदान प्रक्रिया पूरी

उप्र में सात चरणों में हो रहे लोकसभा चुनाव को लेकर 16 सीटों पर दो चरणों में मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। तीसरे चरण की 10 सीटों पर सात मई को मतदान होना है। चौथे चरण में 13, पांचवें में 14, छठे में 14 व सातवें चरण में 13 सीटों पर मतदान होना है। इन चार चरणों में कांग्रेस 11 सीटों पर चुनावी मैदान में है। इनमें सीतापुर, कानपुर, रायबरेली, अमेठी, बाराबंकी, इलाहाबाद, बांसगांव, देवरिया, महराजगंज, वाराणसी व झांसी की सीटें शामिल हैं।

प्रियंका गांधी को रायबरेली व अमेठी के चुनाव प्रचार की कमान सौंपी गई है। अमेठी से चुनाव लड़ रहे किशोरी लाल शर्मा चूंकि 1983 के बाद से अमेठी व रायबरेली के चुनावों की कमान संभालते रहे हैं। इसलिए स्थानीय स्तर पर उन्होंने चुनावी रणनीति तय की है। साथ ही अमेठी के कार्यकर्ता भी लंबे समय से उनके संपर्क में हैं। नतीजतन अमेठी व कांग्रेसियों के लिए वह नया चेहरा नहीं है। प्रियंका गांधी किशोरी लाल की रणनीति के अनुसार चुनावी प्रचार की कमान संभालेंगी।

स्मृति से लेंगी भाई की हार का बदला

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, प्रियंका की कोशिश है कि वह अमेठी में ज्यादा समय बिताएं, जिससे किसी भी कीमत पर अमेठी की सीट को भाजपा से छीनकर कांग्रेस के पाले में डाल सकें और 2019 के चुनाव में अपने भाई राहुल की हार का बदला भी स्मृति इरानी से ले सकें। यही वजह है कि उन्होंने नामांकन के बाद अमेठी में अपने करीबियों को सक्रिय कर दिया है।

इस सीट को चुनौती की रूप में ले रही हैं प्रियंका

प्रियंका इस सीट को चुनौती के रूप में ले रही हैं। इसके साथ ही राहुल गांधी व अखिलेश यादव की 30 से ज्यादा संयुक्त जनसभाएं व 20 रोड शो की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। सीटवार इन्हें आयोजित करने की योजना कांग्रेस व सपा के नेता संयुक्त रूप से कर रहे हैं।

10 व 12 मई की तिथियां तय की जा चुकी हैं। 10 को कन्नौज व कानपुर में तथा 12 को मोहनलाल गंज तथा बाराबंकी में जनसभाओं व रोड शो की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा मल्लिकार्जुन खरगे 14 को महाराजगंज में जनसभा को संबोधित करेंगे।

वहीं, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने अब उत्तर प्रदेश में ही डेरा डाल दिया है। सोनिया गांधी के कार्यक्रम भी तय किए जा रहे हैं, हालांकि वह अधिक सक्रिय नहीं रहेंगी। 

Similar News