सुल्तानपुर, । लोकसभा चुनाव 2019 में छठें चरण के मतदान से पहले सुल्तानपुर में माहौल खराब हो गया है। देर रात यहां पर केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी के समर्थकों के साथ मारपीट की गई। आधी रात के बाद यहां पर गठबंधन के प्रत्याशी चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह के समर्थकों ने मेनका गांधी के प्रचार में लगे आधा दर्जन लोगों को बुरी तरह से मारा-पीटा।
सुल्तानपुर के धनपत गंज के नन्दगीरी में आधी रात के बाद मेनका गांधी के साथ लगी टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की गई। गठबंधन प्रत्याशी चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह के लोगों पर टीम के कई लोगों के साथ मारने पीटने व उनकी गाडिय़ां तोडऩे का आरोप है। मेनका गांधी की टीम में लगे दो लोगों को किडनैप करने के बाद देर रात छोड़ा गया। दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोट आई है, लेकिन मेनका की टीम के लोग संख्या में कम थे, इसलिए उन्हें भी चोट आई। इस घटना पर मेनका गांधी ने एसपी से देर रात में बात की।
सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने बताया कि रात में घटना की सूचना मिली है। भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी की टीम के लोगों को चोट आई है। जिला पंचायत सदस्य व मेनका समर्थक शिवकुमार सिंह के साथ प्रचार में लगे लोगों को दबंग छवि के चंद्रभद्र सिंह के लोगों ने काफी मारा-पीटा है। इस दौरान कई गाडिय़ों में भी नुकसान हुआ है। मेनका गांधी के साथ प्रचार में लगे लोगों का रात के समय वह लोग बस्ता बांटने गए थे। तभी चंद्रभद्र के साथ लगे लोगों ने विरोध किया और उनके साथ मारपीट की। चंद्रभद्र सिंह के समर्थन में लगे लोगों ने बताया कि मेनका गांधी के समर्थक रात में गांवों में लोगों को पैसा बांट रहे थे। एसपी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है।