लोकसभा चुनावों के चौथे चरण के लिए आज 9 राज्यों की 72 संसदीय सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। महाराष्ट्र की 17, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की 13-13, पश्चिम बंगाल की आठ, मध्य प्रदेश और ओडिशा की 6-6, बिहार की 5 और झारखंड की 3 सीटों पर मतदान हो रहा है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग लोकसभा सीट पर भी मतदान हो रहा। अनंतनाग सीट पर तीन चरणों में मतदान कराया जा रहा है।
Live Updates...
08:03 AM: मुंबई में सीनियर सिटिजन के बीच भी मतदान को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। ये लोग युवा मतदाताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहे हैं, जो मतदान को सिर्फ एक छुट्टी को दिन मानते हैं।
07:55 AM: फिल्म अभिनेता और उत्तर प्रदेश की गोरखपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रवि किशन ने गोरेगांव स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान किया।
07:50 AM: रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत डास ने मुंबई के पेडर रोड स्थित पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला। इससे पहले वह आम मतदाताओं के साथ लाइन में लगे हुए नजर आए।
07:41 AM: बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा रेखा ऐसे लोगों में शुमार हैं, जो सुबह जल्दी वोट करती हैं। इस बार भी उन्होंने सुबह जल्द पहुंचकर बांद्रा के पोलिंग बूथ नंबर 283 पर अपना वोट डाला। हालांकि, इसके बाद मीडिया के किसी सवाल का उन्होंने जवाब नहीं दिया।
07:31 AM: महाराष्ट्र की मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से भाजपा उम्मीदवार पूनम महाजन ने वर्ली के बूथ नंबर 48 से वोट किया। पूनम के सामने सुनील दत्त की पुत्री प्रिया दत्त चुनाव मैदान में हैं। इन दोनों के बीच दिलचस्प जंग देखने को मिल रही है।
07:21 AM: राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने झालावार में पोलिंग बूथ नंबर 33 पर अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने अपनी पार्टी की जीत के दावे किए।
07:18 AM: मुंबई के कफ परेड स्थित जीडी सोमानी स्कूल में बने पोलिंग बूथ नंबर 216 से उद्योगपति अनिल अंबानी ने वोट डाला। वोट डालने के बाद वह मीडिया से भी मुखातिब हुए और उन्होंने स्याही लगी अंगुली दिखाकर लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
07:10 AM: बिहार की बेगूसराय सीट से चुनाव मैदान में उतरे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपना वोट डाल दिया है। इस बार उनके सामने कन्हैया कुमार मैदान में हैं।
07:05 AM: लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है। आज 9 राज्यों की 72 संसदीय सीटों पर मतदान हो रहा है। कई दिग्गजों की साख आज दांव पर लगी हुई है।
06:55 AM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से अपने मत का प्रयोग करने का आग्रह किया है। उन्होंने ट्वीट किया कि आज एक ओर लोकसभा चुनाव के चरण के लिए वोटिंग होने जा रही है। मुझे यकीन है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या के लोग वोट करेंगे और पिछले तीनों चरणों के रिकॉर्ड टूट जाएंगे। युवा वोटरों से विशेष आग्रह है कि वे अपने मत का जरूर प्रयोग करें।
लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, सुभाष भामरे, एस एस आहलूवालिया और बाबुल सुप्रियो के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्रियों सलमान खुर्शीद और अधीर रंजन चौधरी सहित 961 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत ईवीएम में कैद होगी। इस चरण में करीब 12.79 करोड़ वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं। सीपीआई के कन्हैया कुमार, बीजेपी के बैजयंत पांडा, कांग्रेस की उर्मिला मातोंडकर, समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव, तृणमूल कांग्रेस की शताब्दी रॉय और कांग्रेस के मिलिंद देवड़ा सहित कई अन्य उम्मीदवार भी चौथे चरण में चुनाव लड़ रहे नामी चेहरों में शामिल हैं।