मोदी बोले, जनता चौकीदार पर प्‍यार बरसा रही, गाली EVM खा रही

Update: 2019-04-24 06:51 GMT

रांची,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह जनसैलाब लहर नहीं ललकार है, जनता ने कहा- फिर एक बार मोदी सरकार है। झारखंड के लोहरदगा में बुधवार को एक महती चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने ओजमय समां बांधा। उन्‍होंने अपने संबोधन के आरंभ में कहा विशाल संख्‍या में भाई बहनों को जोहार। पीएम मोदी ने कहा कि विरोधी मान गए हैं कि एक बार फिर से मोदी सरकार आ रही है। मोदी को छोड़ अब वे इवीएम को गाली देने लगे हैं। विपक्षी हार से पहले इवीएम पर ठीकरा फोड़ने का माहौल बना रहे हैं।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जिसका बेटा या बेटी सेना में है। कां‍ग्र‍ेसियों और उसके साथियों को डूब मरना चाहिए। मेरे देश का बेटा और बेटी अपने भारत माता की रक्षा के लिए गोली खाने को तैयार होकर अपनी जन्‍मदाता मां का पैर छूकर निकलता है। कांग्रेस देश की सेवा के लिए बल्कि एक परिवार के लिए सत्‍ता में आना चाहती है। कांग्रेस सिर्फ नामदार परिवार के लिए काम करती है। जब तक मोदी है अापके जल-जंगल को कोई हाथ नहीं लगा सकता।कांग्रेस ने कोयला बॉक्‍साइट को लूटने का काम किया है। कांग्रेस के पास सिर्फ वंशवाद है। हमारी सरकार ने खनिज संपदा से स्‍थानीय क्षेत्र के विकास को लेकर डीएम एफ फंड बनाया है। भाजपा की सरकार ने खनिज का लाभ स्‍थानीय लोगों को दिया है।

पीएम ने कहा कि देश की जनता चौकीदार पर प्‍यार बरसा रही है और गाली इवीएम खा रही है। पहले हमलोग घर से बाहर निकलने से डरते थे। लेकिन अब नक्‍सलवाद कम हो गया है। आतंकवाद आज बड़ी समस्‍या है, श्रीलंका में सैंकड़ों लोगों की जान ले ली। आज डरकर आतंकवाद से नहीं लड़ा जा सकता। पाक को उसके घर में घुसकर इस चौकीदार ने मारा है। आतंकी सहमा हुआ है कि ये मोदी है। कोई गड़बड़ की तो पाताल से ढूंढ़ लाएगा। कोई भी धर्म मानने वाला भारतीय है। यहां कोई भेदभाव नहीं है। यहां से चर्च के लोग आते थे कि विदेश में दो फादर अगवा हो गए हैं, उन्‍हें रिहा करवाएं। इस चौकीदार ने उन्‍हें छुड़ाया।

जहां भी कांग्रेस की सरकार बन रही है, वहां गरीब की योजनाएं बंद हो रही है। छत्‍तीसगढ़ में आयुष्‍मान योजना को बंद कर दिया गया है। गरीब किसानों का पैसा कभी बंद नहीं होगा।किसानों के पैसे को कोई छीन नहीं सकता। जिंदगी भर यह पैसा साल में तीन बार मिलेगा। भाजपा सरकार गरीब का विकास करना चाहती है। जंगल की उपज का सही दाम मिले, यह तैयारी की जा रही है। खेतिहर मजदूरों की पेंशन योजना पर काम हो रहा है।भाजपा सरकार आम आदमी कि छोटी-छोटी जरूरतों को लेकर काम कर रही है।बेटियों पर भाजपा सरकार का विशेष रूप से ध्‍यान है। विकास को जारी रखने के लिए आपको इस चौकीदार को मजबूत करना होगा।हर गली मोहल्‍ला वाला आज प्रधानमंत्री बनाने के लिए निकल पड़ा है। भरोसा रखें आपका सब काम मोदी करेगा, इसलिए भाजपा को वोट दें।आप कह रहे हैं कि सब मोदी करेगा, मैं कहता हूं कि आपका वोट ही मजबूत कर सकता है। सब चौकीदार के नारे के साथ प्रधानमंत्री ने अपना संबोधन खत्‍म किया।

कल रांची में जैसा आदर-सत्‍कार मिला, वह जोश देखते ही बनता था। यह निर्धारित नहीं था। दो दिन पहले ही सुझाव आया था, तो सोचा ठीक है खड़े हो जाएंगे, आयोजन स्‍थल पर तो भीड़ थी ही, लेकिन 10 किमी तक ऐसा हुजूम था कि क्‍या कहें। झारखंड वालों ने दिखा दिया कि जिसको जीताना है, उसका साथ कैसे देते हैं।

यहां पीएम मोदी को सुनने करीब एक लाख लोग जुटे हैं। झारखंड के मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने पीएम मोदी को गुलदस्ता देकर स्वागत किया। पीएम को अंजनि माता की धरती पर बाल हनुमान की तस्वीर भी भेंट की गयी है। मोदी-मोदी और मोदी जी ये कमल निशान मांग रहा है हिंदुस्तान के नारों से सारा इलाका ओजमय हो गया है। हाथों में बीजेपी का झंडा और चेहरे पर मोदी का मुखौटा लगाए उत्‍साही युवाओं की टोली चाराें दिशाओं से अपने चहेते मोदी को सुनने पहुंची है। पीएम मोदी के साथ मंच पर सीएम रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, सुदेश महतो, मंगल पांडेय, सुदर्शन भगत, सुनील सिंह, विधायक हरे कृष्ण सिंह, गंगोत्री कुजूर, जय प्रकाश भोक्ता मौजूद हैं।

बीते दिन रांची और अब लोहरदगा में भारतीय जनता पार्टी शक्ति प्रदर्शन कर रही है। यहां से केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत भाजपा के उम्‍मीदवार हैं। लोहरदगा के बलदेव साहू महाविद्यालय मैदान में पीएम मोदी की 11 बजे से होने जा रही चुनावी जनसभा की तैयारी पूरी है। सुबह से ही कार्यक्रम स्‍थल पर चाक-चौबंद सुरक्षा है। प्रधानमंत्री निर्धारित समय से 25 मिनट देर से 10.20 बजे राजभवन, रांची से लोहरदगा के लिए निकले हैं।

पीएम मोदी की सभा में नेताओं का संबोधन

इस बीच जयप्रकाश भोक्ता ने संबोधन शुरू किया है, सबका संकल्प की मोदी जी को पीएम बनाना है। विधायक हरे कृष्ण ने दोनों हाथ जोड़कर हजारों की भीड़ का अभिनंदन किया। कहा-आग्रह करता हूं कि 29 को वोट जरूर करें। देश को मजबूत बनाना है।

विधायक गंगोत्री देवी ने कहा कि इतिहास बनाने का काम मोदी जी के नेतृत्व में हुआ। बहनों के लिए शौचालय दिया। सबको गैस दिया। आवास दिया। बिजली दी। गांव शहर बन गए। आयुष्मान योजना का लाभ मिला। 65 साल में जो नहीं हुआ वो 5 साल में हुआ। सब मतदान जरूर करें। अब हम विश्ववगुरू बन कर रहेंगे।

लोजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान ने कहा कि बड़े फख्र की बात है कि प्रधानमंत्री यहां पहुंचे। मोदी जी ने विश्व मे भारत को पहचान दी। यह भीड़ बता रही कि सुदर्शन रेकॉर्ड मत से जीतेंगे।

विधायक गणेश गंझू ने कहा कि हम सब मोदी जी का हाथ मजबूत करें। हम आज मोदी जी के कारण देश सुरक्षित है।

चतरा के बीजेपी उम्‍मीदवार सुनील सिंह ने कहा कि देश दो भाग में बंटा है। मोदी जी के समर्थन में पूरा देश है। विपक्ष गठबंधन कर मोदी जी को हटाना चाहता है। आज दलालों पर अंकुश लगा। मंडल डैम बन रहा। देश आगे बढ़ रहा है।

लोहरदगा के बीजेपी उम्‍मीदवार केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत ने कहा कि हर गांव में बिजली पहुंची है। सड़क बनी। उग्रवाद और आतंकवाद पर लगाम लगा। देश चाह रहा कि मोदी फिर प्रधानमंत्री बनें।

सुदेश महतो ने कहा कि वीर बुधु भगत की धरती पर मोदी जी को सुनने के लिए जो भीड़ उमड़ी है उनका अभिनंदन। जोहार। करिश्माई व्यक्तित्व को यहां सब सुनने आये हैं। मोदी जी को झारखंड का समर्थन है। आजादी के बर्षों बाद मोदी जी ने देश को विश्ववगुरू बनाया है। आवास, आयुष्मान और पेंशन योजना का लाभ मिल रहा गरीबों को। कुछ लोग समाज तोड़ने में लगे हैं। महागठबंधन पहले नेता तय करे। सभी 14 सीटों पर एनडीए की जीत का संकल्प लें।

अर्जुन मुंडा के रावरे मन के जोहर कहते ही जोरदार रिस्पॉन्स मिला जनता का। कहा-दोस्तों आप जिनको देखना सुनना चाहते हैं वे आ गए हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत की प्रगति थम गई थी। 2014 में सभी ताकतों को परास्त कर बीजेपी सत्ता में आई। मोदी जी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ा है। मजबूत हुआ है। 2014 की तरह फिर आप मतदान करें। मोदी जी को मजबूत करें। आज महागठबंधन जुट रहा लेकिन उन्हें देश की चिंता नहीं। ऐसे लोगों को जवाब दें।

मंगल पांडेय ने कहा, इतनी जोर से भारत माता की जयकार करें की सरहद तक सुनाई दे आवाज। पीएम के आते ही हर तरफ से भारत माता की जय के नारे लग रहे हैं।

मुख्‍यमंत्री रघुवर दास ने कहा-सबको जोहार। देश का फ़ैसला तय करेंगे मतदाता। देश में आज साकारात्मक माहौल। हर समाज विकास चाहता है। मोदी जी ने गरीबों के घर बिजली दी। महिलायों को शौचालय दिया। सबको गैस दिया। आवास योजना में अब बेहतर काम। पहले इंदिरा आवास के नाम पर लूट थी। गरीबों का खाता खुला है। कौशल विकास से झारखंड में 1 दिन में 1 लाख को रोजगार दिया। किसानों को पैसा मिला है। कुछ लोग दुष्प्रचार कर रहे कि फायदा नहीं मिला। किसानों के हित में ऐसा न करें। आचार संहिता के बाद और लाभ मिलेगा।डबल इंजन की सरकार से बेहतर लाभ मिला। इस बीच सीएम की जबान फिसल गई। लोहरदगा टोरी लाइन को लोहरदगा रोटी लाइन कहा रघुवर ने। कहा कि नए भारत का जनादेश होगा 2019 में । आप झारखंड की सभी 14 सीटों पर बीजेपी को जिताएं।

लोगों का प्रवेश सात बजे से शुरू हो गया है। शहर के बरवा टोली चौक और जुरिया रोड में बैरिकेडिंग कर वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। आम लोगों को पैदल कार्यक्रम स्थल तक जाने की अनुमति है। मंच पर पीएम मोदी, अमित शाह, रघुवर दास, लक्ष्‍मण गिलुवा के अलावा तीनों लोकसभा प्रत्याशी लोहरदगा से सुदर्शन भगत, पलामू से बीडी राम और चतरा से सुनील सिंह की तस्वीर लगी है। झारखंड में चौथे चरण में इन्हीं तीन सीटों पर 29 अप्रैल को चुनाव होना है।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा के लोहरदगा लोकसभा सीट प्रत्याशी सुदर्शन भगत, चतरा के प्रत्याशी सुनील सिंह, पलामू के प्रत्याशी बीडी राम भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। पुलिस के आला अधिकारी, दारोग़ा से लगभग 10 हजार की संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। पीएम मोदी का लोहरदगा में 40 मिनट का कार्यक्रम है। रांची में बीती रात रोडशो के बाद प्रधानमंत्री ने राजभवन में ही रात्रि विश्राम किया था।

लोहरदगा की धरती पर दम भरेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

लोहरदगा की धरती पर बलदेव साहू महाविद्यालय मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी सभा को लेकर मंच और दर्शक दीर्घा तैयार है। आईआरबी, रैप, जैप, जिला पुलिस बल सहित सुरक्षा की अन्य कंपनियां मुस्‍तैद हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं। पुलिस के बड़े अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल में पहुंचना शुरू कर चुके हैं। नरेंद्र मोदी लोहरदगा में 10:50 पर पहुंचेंगे। जिसके बाद 11.00 बजे चुनावी सभा करेंगे।यहां पर नरेंद्र मोदी 40 मिनट तक आम लोगों से रूबरू होंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोहरदगा के बीएस कॉलेज में लोहरदगा सीट से भाजपा प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री 11 बजे से मंच पर पहुंचेंगे। उनका 11.40 बजे रवानगी का कार्यक्रम है। वापसी में वे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट होते हुए पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के लिए उड़ान भरेंगे।

राज्‍यपाल ने दिया मोमेंटो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोहरदगा जाने के लिए राजभवन से एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए हैं। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया। प्रधानमंत्री ने राज्यपाल और अन्य पदाधिकारियों के साथ फोटो भी खिंचवाई।

मोदी के रोडशो से बनी लहर, पूरे झारखंड में असर

राजधानी में सुस्त सी दिख रही राजनीतिक गतिविधियों के बीच मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो लहर पैदा कर गया। एक बार फिर 2014 के आम चुनाव जैसी मोदी लहर वाला माहौल देखने को मिला। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से हजारों लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले के साथ मोदी-मोदी, हर-हर मोदी, घर-घर मोदी आदि नारे लगाते हुए चले रहे थे। सड़क पर दो से तीन घंटे से प्रधानमंत्री का इंतजार कर रही भीड़ जोशीले भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ऐसे घुल-मिल गई कि अंतर पैदा करना मुश्किल हो गया।

मंगलवार को रांची एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ठीक शाम साढ़े छह बजे पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले ही सीएम रघुवर दास, राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक और भाजपा के नेता एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी के लिए मौजूद थे। हजारों की भीड़ भी हिनू चौक से एयरपोर्ट और बिरसा चौक की ओर रास्ते पर एक ओर से आकर खड़ी हो गई थी। एयरपोर्ट पर नेताओं से मिलने के बाद मोदी का रोड शो शुरू हुआ। एयरपोर्ट से मोदी निकले तो घर की छतों पर से भी लोगों ने नारे लगाए। महिलाएं और बच्चे पीछे नहीं रहे।

काफिले के आगे-आगे मुख्यमंत्री रघुवर दास, भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी मंगल पांडेय, मंत्री सीपी सिंह, रांची से भाजपा के उम्मीदवार संजय सेठ समेत दर्जनों नेता-मंत्री पैदल ही एयरपोर्ट से बिरसा चौक तक गए। इन नेताओं के साथ भी सैकड़ों लोगों की भीड़ थी। उम्मीद की जा रही थी कि रोड शो 20 मिनट का होगा लेकिन यह आधे घंटे से अधिक का हुआ।

मोदी कुछ बोले तो नहीं लेकिन उनके साथ चल रही भीड़ ने आम लोगों के बीच भी जोश पैदा कर दिया। बिरसा चौक पर प्रतिमा पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद सुरक्षा की चिंता किए बगैर मोदी आम लोगों की ओर चले गए और कई लोगों का अभिवादन स्वीकार किया, हाथ मिलाए। कई लोग इस दौरान भी सेल्फी लेने की कोशिश करते दिखे।

Similar News