सीएम योगी के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने निकाला मार्च

Update: 2019-07-23 10:16 GMT

सोनभद्र जिले के उभ्भा गांव में 10 लोगों की हत्या के मामले में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर आरोप लगाकर उनको विरोध का मौका दे दिया है। इसके विरोध में मंगलवार को सपा का रॉबर्ट्सगंज में विरोध मार्च निकाला। जिसके बाद पुलिस ने सभी को रोक दिया। लेकिन कार्यकर्ता पुलिस को धक्का देते हुए आगे बढ़ गए।

राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के उरमौरा गांव में राजमार्ग पर पुलिस ने सपा के जुलूस को रोका। कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच में नोकझोंक भी हुई। कार्यकर्ता सड़क पर बैठ कर धरना देने लगे। उधर, पुलिस कार्यकर्ताओं के गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।

इसमें यूपी के विभिन्न जिलों के कार्यकर्ता शामिल हैं। इस मार्च को जब पुलिस ने रोका तो बीएसएफ के बर्खास्त जवान तेज बहादुर यादव समेत सभी कार्यकर्ताओं पुलिस को धक्का देते हुए कचहरी की तरफ बढ़ गए।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, यूथ ब्रिगेड, समाजवादी युवजन सभा, लोहिया वाहिनी आदि संगठनों के प्रदेश अध्यक्ष सोनभद्र गोलीकांड के घटनास्थल पर पहुंचे हैं।

मंगलवार को पार्टी के जिला कार्यालय से कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सदर तहसील पर पहुंचेंगे। यहां उभ्भा कांड के विरोध में धरना देंगे और फिर प्रशासन को घटना से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे।

पार्टी की राष्ट्रीय महिला की सदस्य वंदना चौबे ने कहा कि कार्यालय के बाहर पुलिस हमें गिरफ्तार करने के लिए खड़ी है। हम गिरफ्तारी देने के लिए भी तैयार है।

पार्टी के जिला अध्यक्ष विजय यादव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष उभ्भा गांव भी जा सकते हैं। यदि प्रशासन ने अनुमति नहीं दी तो फिर वह धरना प्रदर्शन में शामिल होंगे। उधर, घोरावल के पूर्व विधायक रमेश चंद दुबे ने सफाई दी है कि उभ्भा कांड के प्रमुख आरोपी यज्ञ दत्त का समाजवादी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है।

यज्ञ दत्त भाजपा का कार्यकर्ता है और भाजपा को जिताने के लिए उसने लोकसभा चुनाव में मेहनत की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा नाकामियों को छिपाने के लिए सपा पर आरोप लगा रही है। जनता इसका जवाब देगी।

वहीं, मौके पर डीएम और एसपी भी मौजूद है। डीएम अंकित अग्रवाल का कहना है कि जितने लोगों को अनुमति दी गई है, अगर उससे ज्यादा लोग होंगे तो धारा 144 का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।

Similar News